धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आज रविवार को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इस बार का रिजल्ट कई मायनों में खास रहा। एक ओर प्रदेश का कुल परीक्षा परिणाम बेहतर हुआ है, वहीं दूसरी ओर बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए मेरिट सूची पर कब्जा जमाया है।
इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में कुल 93,661 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 78,150 छात्रों ने सफलता हासिल की, जबकि 6,559 विद्यार्थी परीक्षा पास नहीं कर सके। इसके अलावा 8,433 छात्रों को कंपार्टमेंट मिली है। बोर्ड के अनुसार इस बार कुल परीक्षा परिणाम 83ण्87 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर माना जा रहा है।
मेरिट सूची में बेटियों का जलवा
हिमाचल में बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में बेटियों का दबदबा लगातार कायम है। इस बार प्रदेशभर के टॉप-10 में कुल 107 मेधावी विद्यार्थियों ने जगह बनाई, जिनमें 83 छात्राएं और 24 छात्र शामिल हैं। यह आंकड़ा साफ दिखाता है कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
यह भी पढ़ें : 10TH RESULT : मां ने खेतीबाड़ी कर पढ़ाया लाडला, अब मेरिट में जगह बना नाम किया रोशन
खास बात यह रही कि इस वर्ष भी प्रदेश की टॉपर एक छात्रा बनी है। कांगड़ा जिले के पहाड़ा स्थित एवीएम पब्लिक स्कूल की छात्रा अनमोल ने 700 में से 699 अंक हासिल कर पूरे हिमाचल में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 99.86 प्रतिशत अंक लेकर नया रिकॉर्ड बनाया।
दूसरे और तीसरे स्थान पर भी चमके मेधावी
- दूसरे स्थान पर बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा, ऊना के अभिनव मेहता और ऊना की ही रूहानी धीमान रहे। तीनों ने 99.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
- वहीं तीसरे स्थान पर हमीरपुर की आश्विका शर्मा और मंडी की अलीशा ठाकुर ने 99.57 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सुबह 5 बजे से पढ़ाई करती थी टॉपर अनमोल
प्रदेश की टॉपर अनमोल की सफलता की चर्चा पूरे हिमाचल में हो रही है। अनमोल ने बताया कि वह नियमित रूप से प्रतिदिन 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थीं। सुबह जल्दी उठकर पढ़ाई करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि उनकी मां गृहिणी हैं जबकि पिता अध्यापक हैं। भविष्य में वह भी अध्यापक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं।
यह भी पढ़ें- 10TH RESULT- सरकारी स्कूल से ही निकला दूसरा टॉपर, गांव के छात्र ने गाड़ा सफलता का झंडा
सीएम और डिप्टी सीएम ने दी बधाई
सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने फोन पर टॉपर छात्रों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने हिमाचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता आगे की बड़ी उपलब्धियों की शुरुआत है।
यह भी पढ़ें- HPBOSE : 10वीं में फेल हुए बच्चे न करें चिंता, बोर्ड देगा दूसरा मौका- जून में फिर दे सकते हैं पेपर
कंपार्टमेंट छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका
इस बार बोर्ड ने कंपार्टमेंट पाने वाले छात्रों को राहत देते हुए जून में दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। इससे विद्यार्थियों को अपने अंक सुधारने और साल बचाने का अवसर मिलेगा। बोर्ड की ओर से फिलहाल प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। जून में होने वाली परीक्षाओं के बाद अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित होगी।
