चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पर उपतहसील साहो के तहत ग्राम पंचायत परोथा में एक महिला की ढांक में गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
पैर फिसलने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला रोज की तरह घर के पास खेतों के ऊपर स्थित ढांक (खड़ी चट्टान) पर मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। बताया जा रहा है कि वह काम में व्यस्त थी कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कई फीट गहरी ढांक से नीचे लुढ़क गई। गिरने के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : घर से होटल में नाइट ड्यूटी करने आया था युवक, अगली सुबह मिली देह- सदमे में परिजन
घास लेने आई थी महिला
पास में मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने जब यह दृश्य देखा तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। महिला को अचेत अवस्था में ढांक से निकालकर स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया और तुरंत वाहन के ज़रिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया। लेकिन वहां तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान बीना देवी (45) पत्नी देवी सिंह, निवासी गांव छतरूण, पंचायत परोथा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना चंबा से पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू फिर चले दिल्ली, सूबे की आर्थिकी पर केंद्र से करेंगे बात- रखेंगे कई मांगें
शोक में डूबा पूरा इलाका
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। SP
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक दर्दनाक दुर्घटना है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने नियमानुसार मामला दर्ज कर रोजनामचे में रिपोर्ट डाल दी है और प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि यह हादसा पूरी तरह दुर्घटनावश हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई जगह ढांकों के किनारे खेत हैं और घास काटते समय जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और जोखिम भरे स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग की व्यवस्था की जाए।
