#हादसा
May 23, 2026
हिमाचल : यात्रियों से भरी बस सड़क पर पलटी- 15 लोग थे सवार, चीखो से दहला इलाका
चालक और एक यात्री को आई ज्यादा चोटें
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। लगभग हर दिन कहीं न कहीं सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला जिला सोलन से सामने आया है, जहां 10 से 15 यात्रियों को लेकर जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार निजी बस सुबह सोलन से शिमला की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सालोगड़ा के पास पहुंची तो चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में ही पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ध्रुव ने सेल्फ स्टडी से पास किया CAT, एक साथ 4 IIM में मिला प्रवेश- परिवार में था पढ़ाई का माहौल
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ यात्री खुद बाहर निकल आए, जबकि कुछ को लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
हादसे में बस चालक और एक यात्री को ज्यादा चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं बस में मौजूद अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर यातायात बहाल करवाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ब्यास नदी के किनारे मिला इंसानी शरीर का पैर, हा*दसा या कुछ और...
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा और भी ज्यादा खतरनाक हो सकता था। अगर बस सड़क से नीचे चली जाती तो वह सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर सकती थी। लेकिन बस सड़क के बीच में ही पलट गई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक बस से नियंत्रण खो बैठा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि हादसे की असली वजह क्या रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने बस को सड़क से हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।