#हादसा
May 21, 2026
हिमाचल ने खोया एक और लाल, हाई वोल्टेज तार से झुलसे भारतीय सेना के लांस नायक मुकेश
अभी अविवाहित थे लांस नायक मुकेश
शेयर करें:

सिरमौर। देश सेवा के लिए सरहदों पर डटे रहने वाला हिमाचल प्रदेश का एक और वीर जवान अब हमेशा के लिए खामोश हो गया। छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना में लांस नायक अपने खेतों में काम करते समय अचानक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में भारतीय सेना में एक जवान लांस नायक आज यानी वीरवार को अपने खेतों में काम करते समय अचानक उनका संपर्क हाई वोल्टेज तार से हो गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन उन्हें पांवटा साहिब के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
मृतक जवान की पहचान लांस नायक (गनर) मुकेश कुमार पुत्र उजागर सिंह निवासी गांव टोका नगला के रूप में हुई है। मुकेश भारतीय सेना की 15 फील्ड आर्टिलरी रेजीमेंट में तैनात थे और वर्तमान में देहरादून में सेवाएं दे रहे थे। कुछ दिन पहले ही वह 30 दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव पहुंचे थे।
मुकेश कुमार अविवाहित थे और उनका भाई भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहा है। जवान बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना सेना और प्रशासन को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जवान का अंतिम संस्कार कल यानी शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।