#हादसा
May 21, 2026
हिमाचल : स्विच ऑन करते ही AC में हुआ धमा.का, कमरे में बैठा था पूरा परिवार; मची चीख-पुकार
इन दिनों गर्मी का पारा 44 डिग्री पहुंच गया है
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। प्रदेश का सबसे गर्म जिला बने ऊना में बुधवार शाम एक मकान में AC चलाते ही जोरदार धमाका हो गया।
बताया जा रहा है कि इस हादसे के वक्त कमरे में पूरा परिवार मौजूद था। धमाके के बाद कमरे में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर में धुआं फैल गया।
घटना ऊना शहर के वार्ड नंबर-दो में स्थित डॉ. अनिल ठाकुर के मकान में हुई। बताया जा रहा है कि जैसे ही कमरे में एसी ऑन किया गया, उसी दौरान तेज धमाके के साथ उसमें ब्लास्ट हो गया। आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की।
आग की लपटों को देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग की वजह से कमरे में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची।

सूचना मिलने के बाद ऊना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ASP ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर एसी में तकनीकी खराबी या अधिक गर्मी के चलते शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
दरअसल, इन दिनों ऊना जिला भीषण गर्मी की चपेट में है। बुधवार को ऊना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा सुंदरनगर में 39.2 डिग्री, कांगड़ा में 39 डिग्री, मंडी और नाहन में 38.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी शिमला में भी गर्मी का असर साफ देखने को मिला, जहां पारा 30.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5.5 डिग्री ज्यादा है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच विशेषज्ञ लोगों को एसी, कूलर और बिजली उपकरणों का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं- ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।