शिमला/हरियाणा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने परिचित के साथ ट्रक में महाराष्ट्र से मिर्च लेकर दिल्ली की ओखला मंडी की ओर जा रहा था। एक्सप्रेसवे पर स्थित गांव उजीना के समीप एक अन्य ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से यह दुर्घटना हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 38 वर्षीय उमेश निवासी गांव काच्छर, जिला शिमला के रूप में हुई है। उमेश अपने साले अजय कुमार के साथ लंबे समय से ट्रक चला रहे थे। दोनों मिलकर मालवाहन का कार्य करते थे और इस बार महाराष्ट्र से मिर्च लादकर दिल्ली जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
एक्सप्रेसवे पर जब दोनों गांव उजीना के समीप पहुंचे, तो आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। उमेश जिस ट्रक को चला रहे थे, वह अधिक गति में था और इतनी जल्दी नियंत्रण कर पाना मुश्किल हो गया। परिणामस्वरूप उनका ट्रक सामने वाले वाहन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उमेश चालक सीट पर ही बुरी तरह फंस गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर आया फ्लैश फ्लड: नाले में बह कर आया मलबा और पत्थर, घरों को छोड़ भागे लोग
केबिन में फंसकर गई जान
साले अजय कुमार, जो हादसे के समय ट्रक में परिचालक की भूमिका में थे, ने बताया कि दुर्घटना के बाद उमेश ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। लोगों की मदद से उन्हें निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अत्यधिक रक्तस्राव होने के चलते उमेश की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर के लेंटर से बिजली के ट्रांसफार्मर पर गिरा व्यक्ति, परिवार को छोड़ गया बेसहारा
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक उमेश अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक घटी इस घटना से उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। अजय ने बताया कि दोनों लंबे समय से ट्रक चलाकर परिवार का भरण.पोषण कर रहे थे। उनकी आपसी समझ और तालमेल एक मिसाल मानी जाती थी, लेकिन एक हादसे ने दोनों की जोड़ी को हमेशा के लिए तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिता की कमी को बनाया ताकत- बेटी ने JRF क्वालिफाई कर बढ़ाया मां का मान
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
