नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। कालाअंब-नाहन मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत
जानकारी के अनुसार हादसा मोगीनंद क्षेत्र के समीप उस समय हुआ जब एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक के साथ उनकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़े और गंभीर रूप से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: इस बार धोखा खा गई लुटेरी दुल्हन, शादी के चंद घंटों बाद नकली जेवर लेकर भागी; पर पकड़ी गई
बुझ गया एक घर का चिराग
इस दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रवि मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और कालाअंब क्षेत्र की एक औद्योगिक इकाई में काम करता था। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उसे नहीं बचा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाखों के चिट्टे संग चार युवक धरे, तोड़ा नशे का बड़ा नेटवर्क
रवि की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे के बेहतर भविष्य के सपने लेकर परिवार उसे घर से दूर रोजगार के लिए भेजा था, उसकी मौत की खबर ने माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया। परिवार का हंसता-खेलता संसार एक झटके में उजड़ गया और मां-बाप ने अपना लाडला बेटा खो दिया।
दो अन्य युवकों की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों की पहचान विपिन और प्रदीप के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में चल रहा है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की जनता को झटका: सस्ते राशन डिपो से चीनी - एक दाल गायब! सरसों तेल के भी बढ़े दाम
सड़क पर बिखरे पड़े थे घायल युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर गिरे मिले। राहगीरों और आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना देने के साथ-साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे की एक वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला : अब नहीं झुकेंगे स्कूली बच्चों के कंधे, नए नियमों के साथ निर्देश जारी
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना अक्सर ऐसे दुखद हादसों का कारण बनता है, जिनकी कीमत कई बार लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है। फिलहाल इस हादसे ने एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया है, जबकि दो अन्य परिवार अपने प्रियजनों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।
