ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां उपमंडल गगरेट के कुठहेड़ा जसवाला गांव में एक ट्रैक्टर सोमभद्रा नदी के तेज बहाव में बह गया। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।
दो लोगों की दर्दनाक मौत
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति की लाश ट्रैक्टर के नीचे दबी मिली है। जबकि, दूसरे व्यक्ति की लाश नदी में कुछ दूरी पर दबी मिली। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में मारे गए दोनों लोग शादीशुदा थे। उनकी मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल भूस्खलन : अपने ही घर के नीचे दबे परिवार के आठ लोग, चार की थमीं सांसें- मासूम मलबे में दफन
घर लौट रहे थे दोनों
मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल दोनों लोग नंदपुर में अपने खेतों को जोतने के लिए गए हुए थे। जहां से काम खत्म करके दोनों रात को वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान सोमभद्रा नदी उफान पर थी। अंधेरा होने के कारण वो लोग पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके।
उफान पर थी नदी
दोनों ट्रैक्टर से नदी को पार करने लगे तो अचानक ट्रैक्टर नदी में पलट गया। इस दौरान ट्रैक्टर पर बैठा एक व्यक्ति नदी के तेज बहाव में बह गया। जबकि, ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर के नीचे ही दब गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कल से रोजगार मेला शुरू, सिलेक्शन होने पर मिलेगी 25 हजार सैलरी- यहां जानें पूरी डिटेल
नदी में पलटा ट्रैक्टर
बताया जा रहा है कि यह हादसा वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने देखा। उसने तुरंत शोर मचाया और फोन करके भी मदद के लिए कई लोगों को घटनास्थल पर बुलाया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने कड़ी मशक्कत कर टैरक्टर के नीचे दबे व्यक्ति को बाहर निकाला।
दोनों के शव बरामद
इस हादसे में चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। लोगों ने बताया दूसरे व्यक्ति का शव उन्हें नदी में दूर दबा हुआ मिला। उधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया।
यह भी पढ़ें : आज हिमाचल आएंगे PM मोदी, विशेष राहत मिलने की उम्मीद में बैठे आपदा प्रभावित लोग
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग कुठहेड़ा जसवाला के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान-
- संजीव कुमार (49)
- सुरजीवन (49)
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक ही दिन में 3 जगह फटा बादल, मची तबाही- घरों में घुसा मलबा, बाढ़ में बहे तीन पुल
सदमे में दो परिवार
इस हादसे ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है। हादसे के बाद दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। सुरजीवन की दो बेटियां हैं और संजीव की एक बेटी और एक बेटा है। इस हादसे ने चार बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में माहौल गमगीन बना हुआ है।
