सोलन। हिमाचल प्रदेश केसोलन जिले स्थित कैथलीघाट क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) की बस और एक पिकअप वाहन की सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक बुरी तरह घायल हो गया।

मोड़ पर हुई आमने-सामने की टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, HRTC की बस सोलन की ओर आ रही थी जबकि पिकअप वाहन विपरीत दिशा से कैथलीघाट की तरफ बढ़ रहा था। एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों से लोग मौके पर पहुंच गए।

 

यह भी पढ़ें : सांसद कंगना रनौत ने मंडी की आपदा को बताया 'भारी-भरकम भूकंप', सोशल मीडिया पर फिर हुई ट्रोल

स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

हादसे के बाद पिकअप का चालक वाहन के अंदर ही फंस गया। स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे कुछ जागरूक यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में महिला प्रधान ने किया कांड- पति और ससुर के खातों में भेजे सरकारी पैसे, हुई सस्पेंड

प्रशासन और पुलिस मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया। हादसे की वजह प्रारंभिक जांच में सड़क पर मोड़ और तेज गति मानी जा रही है। फिलहाल दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बन रही शराब की तस्करी : लोहे के पाइप में छिपाकर पहुंचाई लखनऊ, 1 करोड़ है कीमत

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे

कैथलीघाट क्षेत्र पहले भी ऐसे हादसों के लिए बदनाम रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां के मोड़ पर संकेतक और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और HRTC वाहनों की गति सीमा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।