शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। रामपुर उपमंडल के दुर्गम काशापाट क्षेत्र में एक बोलेरो पिकअप गहरी खाई में गिर गई, जिससे मां-बेटे सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और आसपास का इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने घटना को और अधिक दर्दनाक बना दिया है। वीडियो में एक महिला खुशी-खुशी सामने पहाड़ियों की ओर इशारा करते हुए कहती सुनाई देती है, "सामने देखो मेरा ननिहाल..."। लेकिन यह शब्द पूरे भी नहीं हो पाते कि कुछ ही सेकेंड बाद चीखें सुनाई देती हैं और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा जाता है।
मायके जा रही महिला की रास्ते में थम गई जिंदगी
जानकारी के अनुसार कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र की रहने वाली आशा देवी अपने बेटे के साथ मायके काशापाट जा रही थीं। परिवार के लिए यह सामान्य यात्रा थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनका आखिरी सफर बन जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन पर सस्पेंस! HRTC ने डिलीवरी लेने से किया इनकार; जानें कारण
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन रामपुर से दूध बेचकर वापस काशापाट की ओर लौट रहा था। शाम करीब साढ़े चार बजे जैसे ही वाहन ढंढोल के समीप पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से करीब 500 मीटर नीचे दूसरी सड़क तक जा गिरी।
500 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। खाई की गहराई और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद कठिन साबित हुआ। स्थानीय लोग सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत अभियान शुरू किया। गहरी खाई से शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाने में घंटों की मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के विजन ने बनाया नंबर वन, सड़कों की मजबूती में हिमाचल ने रचा इतिहास
हादसे में इन छह लोगों की गई जान
दुर्घटना में कुल छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों में कुल्लू जिले की आशा देवी और उनका 10 वर्षीय बेटा युगल शामिल हैं। इसके अलावा चालक 32 वर्षीय अशोक जैन पुत्र ध्यान जैन निवासी रामपुर के छलटा गांव, अभिषेक सानी 23 वर्षीय पुत्र नरसिंह सानी निवासी शरनाल गांव काशापाट, 56 वर्षीय लायक राम पुत्र मागु राम निवासी पाठ गांव काशापाट और 23 वर्षीय नितिन पुत्र मैन सिंह जैन छलटा गांव तहसील रामपुर के रूप में हुई है। मृतक महिला आशा देवी अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ मायके जा रही थी।
हादसे के समय फेसबुक पर लाइव थी महिला
हादसे के समय पिकअप में बैठी महिला फेसबुक पर लाइव हुई थी। महिला पिकअप में बैठी सवारियों को अपना ननिहाल दिखा रही थी। महिला की बातचीत के दौरान ही चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। वीडियो में यात्रियों की चीख.पुकार साफ सुनी जा सकती है। हादसे का दिल झकझोर देने वाला यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के खाली खजाने को भरेगा यह जल विद्युत प्रोजेक्ट, हर साल देगा ₹200 करोड़ की संजीवनी
पूरे क्षेत्र में पसरा मातम
हादसे के बाद काशापाट पंचायत सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और लोगों का तांता संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए पहुंच रहा है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। कुछ ही सेकेंड में छह लोगों की मौत और एक परिवार के सपनों का बिखर जाना पूरे हिमाचल को गहरे सदमे में छोड़ गया है।
