ऊना। हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु जहां फसलों को नष्ट कर रहे हैं। वहीं अब यह पशु लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगे हैं। आए दिन प्रदेश में बेसहारा पशुओं के चलते सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें कई लोगों की मौत भी हो रही है। ऐसे ही एक हादसे में एक स्कूटी सवार की मौत हो गई है। वहीं एक दूसरे हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। यह दोनों ही हादसे ऊना जिला में बीती रात को हुए हैं। 

बुजुर्ग की मौत

दरअसल रविवार को ऊना जिला के अंब.ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दिलवां गांव के पास दो अलग.अलग सड़क हादसों ने एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं दो लोग घायल हुए हैं। रविवार देर शाम की पहली घटना उस समय हुई जब एक 76 वर्षीय बुजुर्ग स्कूटी पर अपनी पोती के साथ जा रहे थे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: एक्सईएन के घर झाड़ू पोछा कर रहे थे सरकारी कर्मी, आ धमके पूर्व मंत्री धवाला

पोती के साथ स्कूटी पर जा रहा था दादा

सोढ़ी लाल पुत्र जगरनाथ निवासी मुकेरियां पंगाला झुग्गी जिला होशियारपुर पंजाब अपनी पोती ऋतिका पुत्री बलराम कृष्ण के साथ स्कूटी पर सवार होकर मुकेरियां से चौकीमन्यार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे दिलवां गांव के समीप पहुंचे, अचानक एक आवारा पशु उनके सामने आ गया। जिसके चलते उनका स्कूटी पर से नियंत्रण बिगड़ गया और अनियंत्रित स्कूटी स्किड हो गई।

पशु को बचाते स्किड हुई स्कूटी

पशु को बचाने स्किड हुई स्कूटी से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि स्कूटी पर सवार पोती को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ब्रेन ट्यूमर ने छीनी आंखों की रोशनी, इतिका ने नहीं मानी हार- PhD डिग्री की हासिल

नीलगाय को बचाने दुर्घटनाग्रस्त हुई कार

वहीं दूसरी दुर्घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे हुई, जब दिल्ली से नूरपुर जा रही एक कार दिलवां के पास पहुंची। अचानक सड़क पर एक नीलगाय के आ जाने से चालक घबरा गया और नियंत्रण खो बैठा। वाहन सड़क किनारे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार सवार दो युवकों रवि कुमार और राकेश कुमार को हल्की चोटें आईं, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस भर्ती परीक्षा में पैसों के लेन देन की आशंका, हिरासत में लिए 4 अभ्यर्थी

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी अंब अनिल उपाध्याय ने जानकारी दी कि दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग का पोस्टमार्टम पीजीआई चंडीगढ़ में करवाया गया, जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।

बढ़ती समस्या, प्रशासन मौन

यह कोई पहला मामला नहीं है जब बेसहारा पशुओं की वजह से सड़कों पर हादसे हुए हों। ऊना और आसपास के क्षेत्रों में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही हैए और यह स्थिति अब सड़कों पर चल रहे यात्रियों के लिए जानलेवा बन चुकी है। प्रशासन द्वारा इस दिशा में ठोस कदम न उठाना आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत प्रभाव से सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं के लिए उचित प्रबंधन करे और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाए।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें