शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रोहड़ू से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर रिपोर्ट हुई है। इस सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है। यह हादसा तेज रफ्तार का कहर माना जा रहा है। जिसमें एक बेकाबू पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति के ऊपर ही पलट गई। इस हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल में गुरुवार शाम को हुआ। इस भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। कड़ीवां के पास गोबर से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गई, जिससे सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेहद खतरनाक सिंथेटिक ड्रग की सप्लाई करने पहुंचे थे दो पंजाबी युवक, नाके पर धरे
तेजी और लापरवाही बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि 13 नवंबर की शाम लगभग 7:30 बजे पिकअप (HP63C-1649) का चालक विनीत निवासी कड़ीवां सुन्नी से कड़ीवां की ओर लौट रहा था। कड़ीवां पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार के कारण सड़क किनारे खड़े कई वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़ी एक अन्य पिकअप (HP63-9122) भी पलट गई।
खड़े व्यक्ति की मौके पर मौत
हादसा उस समय हुआ जब गांव बागी देवली के रहने वाले 46 वर्षीय विनोद सांगरोली सड़क किनारे खड़े थे। पलटी हुई गाड़ी सीधे उन पर गिर गई, जिससे वे उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में चालक विनीत को भी चोटें आई हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कार में चिट्टा सप्लाई करने निकले थे दो यार, पुलिस को फोन पर मिली खबर-हुए अरेस्ट
स्थानीय लोगों की सजगता ने बढ़ाई राहत
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई। शिकायतकर्ता नरेश कुमार के अनुसार यह पूरा हादसा चालक की तेज और लापरवाह ड्राइविंग की वजह से हुआ। थाना रोहड़ू पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बर्थडे पार्टी का झांसा देकर होटल ले गया युवक, 16 साल की लड़की को बनाया शिकार
हिमाचल में बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय
पिछले कुछ महीनों में हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पहाड़ी सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन चालकों की लापरवाही और सड़क की स्थिति के कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
