मंडी। हिमाचल के मंडी जिला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति की सतलुज नदी में गिरने से मौत हो गई है। व्यक्ति मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था। अब उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पडा है। यह घटना आज रविवार को दोपहर को उस समय हुई, जब व्यक्ति निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह नीचे गिर गया।
निर्माणाधीन पुल से गिरा युवक
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंडी जिला के सुंदरनगर में तत्तापानी सड़क को जोड़ने के लिए ध्वाल क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल पर हुई है। यहां निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। लगभग 11 बजे के करीब काम के दौरान संतुलन बिगड़ने से मजदूर सतलुज नदी में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कार ने अचानक खोया नियंत्रण, चपेट में आया 5 साल का मासूम
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे का शिकार हुआ मजदूर संजय उराओ (27) झारखंड के गुमला जिले के नगर गोंद्रो का रहने वाला था। परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने और घर का खर्च चलाने के लिए वह हिमाचल आया था। संजय की अचानक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि वह ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 10 तोले सोना लेकर भागी दुल्हन, दूसरे युवक को बनाने चली थी शिकार; 5 साथियों सहित धरी
दो घंटे बाद नदी से निकाला शव
सूचना मिलते ही कार्यकारी एसडीएम एवं तहसीलदार अंकित शर्मा मौके पर पहुंचे और तुरंत एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद टीम ने संजय का शव सतलुज नदी से बाहर निकाला। शव को सिविल अस्पताल ले जाकर पोस्टमार्टम कराया गया। तहसीलदार अंकित शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने मृतक के परिवार को तुरंत राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की फौरी सहायता दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: रिज के बाद अब यहां लगेगी राजा साहब की मूर्ति, कल को होगा भव्य समारोह और धाम
क्या बोले डीएसपी
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मृतक के साथ काम कर रहे मजदूरों के प्रारंभिक बयान दर्ज कर लिए गए हैं और यह जांच की जा रही है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ या किसी सुरक्षा कमी की वजह से। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यों में लगे मजदूर दिन.रात जोखिम उठाकर परिवारों का पेट पालते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी अक्सर उनकी जान पर भारी पड़ जाती है।
