ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां पर कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि एक की मौके पर ही मौत हो गई।
कार और स्कूटी हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के हरोली क्षेत्र के लालूवाल गांव से सामने आया है। यहां पर बीते कल शुक्रवार सुबह व्यक्ति अपनी स्कूटी पर सवार होकर लालूवाल की तरफ जा रहे थे। वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान उनकी स्कूटी की एक कार से टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में सरकारी अस्पताल के बुरे हाल : एक बेड पर 3-3 मरीज, तीमारदार परेशान
टक्कर के बाद व्यक्ति से उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं, कार में सवार लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घायल को सड़क किनारे से बाहर निकाला और बिना देरी किए उपचार के लिए CHC दुलैहड़ पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान ही संतोख सिंह ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान संतोख सिंह, उम्र 56साल, पुत्र नानक चंद निवासी वार्ड नंबर-5, नंगल कलां, तहसील हरोली के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति भवन तक पहुंची हिमाचली नाटी की गूंज : डॉ. हाब्बी को मिला बड़ा सम्मान
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही हरोली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने संतोख सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हरोली पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर स्कूटी और कार की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में फौजी ढेर सारे चिट्टे संग गिरफ्तार : पिता भी कर चुके हैं पुलिस में नौकरी
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
DSP हरोली मोहन रावत ने बताया कि सड़क हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ पाएगी।
