शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में आज शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मिनी सचिवालय के सामने एंबुलेंस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय एंबुलेंस में एक बुजुर्ग मरीज को निरमंड अस्पताल से खनेरी अस्पताल ले जाया जा रहा था। टक्कर के बाद मरीज करीब आधे घंटे तक क्षतिग्रस्त एंबुलेंस के भीतर ही फंसा रहा।
निरमंड से खनेरी अस्पताल ले जाया जा रहा था मरीज
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में निरमंड अस्पताल से उरटू गांव के एक बुजुर्ग मरीज को उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मिनी सचिवालय के सामने एंबुलेंस की बोलेरो से टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सिया ह**त्यकांड : परिवार को मिली 10 लाख रुपये मदद, बहनों की पढ़ाई भी मुफ्त
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एंबुलेंस सड़क पर ही रुक गई। हादसे के बाद एंबुलेंस में मौजूद मरीज को तत्काल दूसरी जगह ले जाना संभव नहीं हो पाया और वह कुछ समय तक उसी वाहन के अंदर रहा।
करीब आधे घंटे बाद पहुंची दूसरी एंबुलेंस
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की। करीब आधे घंटे बाद दूसरी एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद मरीज को क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से निकालकर दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने बस में दबोचे केरल के दो युवक : 2 KG से अधिक चरस बरामद
मरीज को इसके बाद खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आगे का उपचार दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, टक्कर के कारण एंबुलेंस को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हुई है।
NH-5 पर लगा यातायात जाम
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर खड़े रहने से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर यातायात प्रभावित हुआ। कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई और जाम जैसी स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें- HRTC में 831 ड्राइवरों के पद खाली : बुलावे का इंतजार कर रहे टेस्ट पास कर चुके युवा
रामपुर से ब्रो और जगातखाना की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मिनी सचिवालय के सामने वैसे भी दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त स्थान पर दुर्घटना होने के कारण सड़क पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित करवाया और दोनों वाहनों को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है। दोनों वाहनों की स्थिति, घटनास्थल और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसा किसकी लापरवाही से हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
