सिरमौर। हिमाचल में इन दिनों पौष त्योहार की तैयारियां चल रही थीं। शिमला, सोलन और सिरमौर में रह रहे लोग अपने गांव लौट रहे थे। घरों में पकवानों की बात हो रही थी, रास्तों में बसों में भीड़ थी, लेकिन सिरमौर में ये सफर कई परिवारों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
गहरी खाई में गिरी निजी बस
शुक्रवार दोपहर सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में एक प्राइवेट बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत और 33 लोग घायल होने की पुष्टि हो चुकी है। सिरमौर की DC प्रियंका ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य पर मेहरबान हुई मोदी सरकार : एक रिक्वेस्ट से मिली 2300 करोड़ की सौगात
हरिपुरधार बाजार से पहले हुआ हादसा
यह हादसा दोपहर करीब पौने तीन बजे हरिपुरधार बाजार से लगभग 100 मीटर पहले हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस स्किड हो गई और सीधी गहरी खाई में जा गिरी। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
त्योहार के लिए गांव लौट रहे थे लोग
जीत कोच नाम की यह प्राइवेट बस सुबह करीब 7:30 बजे शिमला से रवाना हुई थी। बस शिमला से सोलन और सिरमौर होते हुए कुपवी जा रही थी। कुपवी से करीब 28 किलोमीटर पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। बस में सवार कई यात्री पोश त्योहार के चलते अपने गांव लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर HC के फैसले से CM सुक्खू नाखुश : क्या सुप्रीम कोर्ट जाएगी सरकार?
स्थानीय लोग बने सबसे पहले मददगार
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण रेस्क्यू में भारी मुश्किलें आईं। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।
बस के नीचे दबे थे यात्री
हादसा इतना भयानक था कि बस की छत चेसिस से अलग हो गई और बस के परखच्चे उड़ गए। बस के नीचे 5 से ज्यादा यात्री दबे हुए थे। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने बस को पलटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। कई यात्रियों को गंभीर हालत में हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें नाहन मेडिकल कॉलेज और PGI चंडीगढ़ रेफर किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : देर रात निकले थे चार दोस्त, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार- मौके पर तोड़ा दम
प्रशासन और मेडिकल टीमें मौके पर
DC सिरमौर प्रियंका ने बताया कि हादसे में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। नाहन से अतिरिक्त मेडिकल टीमें हरिपुरधार भेजी गई हैं। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
