मंडी। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों के बीच जान गवाने वालों की संख्या में भी इजाफा दर्ज कीया जा रहा है। ताजा मामला प्रदेश के मंडी जिले से सामने आया है। जहां, एक सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी दरक गई। जिस कारण भारी मलबा सीधे निर्माण कार्य में जुटी मशीन पर आ गिरा। जिसमें जेसीबी ऑपरेटर की मौत हो गई।

भारी मलबा सीधे मशीन पर गिरा

मिली जानकारी के अनुसार, जिला मंडी के तहत आते सलापड़–तत्तापानी डबल लेन सड़क पर काम करते समय अचानक पहाड़ी दरक गई और भारी मलबा सीधे मशीन पर आ गिरा। इस हादसे में जेसीबी चला रहे 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : भेड़पालक की म*र्डर मिस्ट्री सुलझी, गांव का युवक ही निकला आरोपी- पहुंचा सलाखों के पीछे

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद मजदूरों और लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

26 वर्षीय था JCB ऑपरेटर

मृतक की पहचान खुबे राम उम्र 26 साल के रूप में हुई है, जो दुंदास क्षेत्र के भाटकीधार पंचायत से संबंधित थे। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह निर्माण कार्य में जुटे थे और मशीन ऑपरेट कर रहे थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गहरी खाई में गिरी जिप्सी, अंदर बैठे थे 7 पर्यटक- मौके पर मची चीख-पुकार

तभी अचानक ऊपर से चट्टानें और मिट्टी का बड़ा हिस्सा खिसक गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया और वे मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि खुबे राम एक अनुभवी ऑपरेटर थे और कई निर्माण परियोजनाओं में काम कर चुके थे।

प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से इस हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की भी अपील की गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें