कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों में जान गवाने वाले लोगों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला जिला कुल्लू से सामने आया है। यहां पर तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पुल पर ही गिर गई, जबकि बाइक पर सवार दोनों युवक उछलकर नीचे बह रहे बडाग्रां नाले में जा गिरे। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई।

मनाली लौट रहे युवकों ने पुल पर पड़ी बाइक देखी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीते कल मंगलवार पेश आया है। हादसा देर रात होने और मौके पर अंधेरा होने के कारण इसकी जानकारी तुरंत किसी को नहीं मिल पाई। दोनों युवक नाले में गिर गए थे, जबकि बाइक पुल पर पड़ी रही। आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी रात के समय हादसे का पता नहीं चला।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 6 दिन जमकर बरसेंगे बादल, कई जिलों में लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की चेतावनी

हादसे का पता उस समय चला जब बंजार उपमंडल के थ्रींबला गांव निवासी प्रशांत अपने दोस्त विनय कुमार के साथ पराशर से मनाली की ओर लौट रहे थे। रात करीब 11:40 बजे जब दोनों पतलीकूहल थाने के पास पुल से गुजर रहे थे, तो उन्हें सड़क पर एक बाइक गिरी हुई दिखाई दी।

बाइक पर मिले रगड़ के निशान, अनहोनी का हुआ शक

बाइक का नंबर HP-34E-6538 बताया गया है। प्रशांत और विनय ने जब बाइक को देखा तो उसके बाईं तरफ रगड़ के निशान भी नजर आए। बाइक को इस हालत में देखकर दोनों को किसी अनहोनी का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुल के नीचे देखने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें-  बरसात में सर्पदंश से 8 लोगों की थमीं सांसें- मासूम तक बने शिका..र, आप भी रहें सतर्क

मोबाइल की रोशनी में नाले में दिखा युवक

पुल के नीचे अंधेरा होने के कारण कुछ साफ दिखाई नहीं दे रहा था। दोनों ने मोबाइल की रोशनी से नाले की तरफ देखा तो पानी में एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया। यह देखकर उन्होंने बिना देर किए तुरंत पतलीकूहल पुलिस थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नाले में रेस्क्यू और तलाशी अभियान शुरू किया। रात के समय नाले में पानी और अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें भी आईं।

यह भी पढ़ें-  तेज रफ्तारी पड़ी भारी, नदी में समाई पिकअप- अंदर ही फंस गया ड्राइवर

तलाशी के दौरान नाले से मिले दोनों युवक

रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहले एक युवक को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस टीम ने कुछ दूरी नीचे जाकर दूसरे युवक की भी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान दूसरे युवक का शव भी नाले से बरामद कर लिया गया। 

कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई पहचान

नाले से बाहर निकाले गए दोनों युवकों की पहचान कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद इलाके में भी शोक का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें- चोरों ने घर की तिजोरी से चुराए 9 लाख के गहने, आगे 15 हजार में बेचे- पुलिस ने 3 दबोचे

मौके पर पहुंचे राजस्थान के जिला बालोतरा के धोरीमन्ना निवासी रुणेशाराम ने पुलिस को बताया कि कृपा राम उसके क्वार्टर से बाइक की चाबी लेकर अपने दोस्त विक्रम के साथ 15 मील की ओर घूमने गया था। इसके बाद दोनों वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ हादसा 

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वापस लौटते समय बाइक तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बाइक सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक पुल पर गिर गई और दोनों युवक उछलकर नीचे नाले में जा गिरे।

यह भी पढ़ें-  तेज रफ्तारी पड़ी भारी, नदी में समाई पिकअप- अंदर ही फंस गया ड्राइवर

दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कुल्लू पुलिस ने इस सड़क हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की सही वजह का पता लगाने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- बड़ी डील करने निकला अवतार, पुलिस को मिली खबर- ढेर सारे नशे संग हुआ अरेस्ट

हादसे की गहनता से जांच में जुटी पुलिस

कुल्लू के SP मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार कितनी थी और किन परिस्थितियों में बाइक पुल की रेलिंग से टकराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।