सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। सिरमौर जिला के एक प्राथमिक स्कूल में क्लास के दौरान छत से अचानक प्लास्टर गिर गया, जिससे वहां मौजूद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
क्लास के दौरान छत से गिरा प्लास्टर
बताया जा रहा है कि जब स्कूल में बच्चे अपनी कक्षा में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे, उसी दौरान अचानक छत से प्लास्टर गिरने लगा। यह घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ पल के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर में चल रही थी शादी की तैयारी, परिवार ने साउथ अफ्रीका में खोया इकलौता बेटा
बच्चे और शिक्षक घबरा गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि प्लास्टर किसी भी बच्चे के ऊपर नहीं गिरा और सभी विद्यार्थी बाल-बाल बच गए। अगर यह प्लास्टर सीधे बच्चों पर गिरता, तो कोई गंभीर हादसा भी हो सकता था।
कमरे की मरम्मत करने के लिए दिए आदेश
घटना के बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग तुरंत हरकत में आ गया। प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए BPO रोनहाट को तुरंत स्कूल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी साफ कहा कि जब तक कक्षा भवन पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो जाता और उसकी मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक उस कमरे में पढ़ाई नहीं करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कमला नेहरू अस्पताल शिफ्टिंग पर बवाल- सड़कों पर उतरी महिलाएं, सरकार को घेरा
सुरक्षित कमरे में बैठाकर करवाई जाए पढ़ाई
स्कूल स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों को किसी दूसरे सुरक्षित कमरे में बैठाकर पढ़ाया जाए, ताकि उनकी सुरक्षा में किसी तरह की कोई कमी न रहे। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही भवन की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
लोगों और संगठनों में देखी गई काफी नाराजगी
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और संगठनों में भी काफी नाराज़गी देखने को मिल रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी मनीष बिरसान्टा ने इस घटना को प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि स्कूल की इमारत पहले से ही जर्जर हालत में थी, लेकिन समय रहते उसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। अगर पहले ध्यान दिया जाता, तो बच्चों की जान जोखिम में नहीं पड़ती।
