#अपराध
April 13, 2026
हिमाचल : घर में चल रही थी शादी की तैयारी, परिवार ने साउथ अफ्रीका में खोया इकलौता बेटा
स्विमिंग पूल में मिली अमन की देह
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां उपमंडल बड़सर के तहत आने वाले ढटवाल क्षेत्र की महारल पंचायत के काली चीक गांव के 26 वर्षीय युवक अमन कुमार की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
युवक का शव स्विमिंग पूल में मिलने से पूरा मामला रहस्यमय बन गया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं। जैसे ही यह सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और ग्रामीणों को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जो बेटा बेहतर भविष्य के सपनों के साथ विदेश गया था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, अमन कुमार पिछले साल दीपावली के बाद नौकरी के लिए साउथ अफ्रीका गया था, जहां वह एक होटल में कार्यरत था। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक आई इस खबर ने सब कुछ तोड़कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले अमन ने केरल की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। परिवार उसके घर लौटने का इंतजार कर रहा था और पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। लेकिन यह खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है। पिता उधम सिंह मजदूरी करने के साथ-साथ शादियों में बैंड बजाकर परिवार का गुजारा करते हैं। उन्होंने कठिन हालात में बेटे को पढ़ाया-लिखाया और होटल मैनेजमेंट का कोर्स करवाया, जिसके बाद अमन विदेश गया था।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए। फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि शव को घर पहुंचने में 15 से 20 दिन का समय लग सकता है।
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले काथला गांव के एक अन्य युवक की भी साउथ अफ्रीका में इसी तरह मौत हुई थी। लगातार दूसरी घटना से इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है, और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
महारल पंचायत के पूर्व प्रधान विजय धीमान ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि अमन कुमार परिवार का सहारा था और उसके लौटने का सभी इंतजार कर रहे थे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच हो और परिवार को हर संभव सहायता दी जाए।