चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बीते कल यानी 18 सितंबर शुक्रवार को संपन्न हुई प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत से माहौल गमगीन हो गया। करीब 13,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित मणिमहेश डल झील के समीप अत्यधिक ठंड की चपेट में आने से जम्मू-कश्मीर के 82 वर्षीय श्रद्धालु जयराम शर्मा ने दम तोड़ दिया। वह कमल सिंह वजीर की पारंपरिक छड़ी के साथ चल रहे श्रद्धालुओं के जत्थे में शामिल थे।

छड़ी जत्थे के साथ डल झील तक पहुंचे थे बुजुर्ग

जानकारी के अनुसार, जयराम शर्मा जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के गांव कलरबत्ता के रहने वाले थे। वह छड़ी जत्थे के साथ मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे थे। कठिन और खड़ी पैदल चढ़ाई के बावजूद उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं के साथ यात्रा पूरी की और मणिमहेश डल झील के समीप पहुंच गए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में शराब फैक्ट्री का लाइसेंस सस्पेंड : एक्सपायरी चीजों से तैयार हो रहा था माल

ऊंचाई बढ़ने के साथ मौसम लगातार ठंडा होता गया। हाल में क्षेत्र में हुई बर्फबारी और ऊंचाई वाले इलाकों में चल रही तेज ठंडी हवाओं के कारण रात के समय तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया था। ऐसे चुनौतीपूर्ण मौसम में बुजुर्ग श्रद्धालु की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

रात में अचानक बिगड़ी तबीयत

बताया जा रहा है कि डल झील परिसर के आसपास रात के समय ठंड काफी बढ़ गई थी। इसी दौरान जयराम शर्मा की हालत बिगड़ने लगी। उनके साथ मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों ने उन्हें संभालने तथा मदद पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति तेजी से गंभीर हो गई।

यह भी पढ़ें : सोये रहे वन विभाग के अफसर...दफ्तर के पास माफिया ने काट डाले हरे-भरे पेड़

कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं में शोक की स्थिति पैदा हो गई। मामले की जानकारी तत्काल यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक टीम को दी गई।

दुर्गम रास्ते से शव को नीचे लाया गया

मणिमहेश डल झील अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित होने के कारण वहां से शव को नीचे लाना भी राहत दल और साथ आए लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। कठिन पहाड़ी रास्ते और खराब मौसम के बीच शव को सहयोग से नीचे सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया। इसके बाद वाहन की मदद से शव को नागरिक अस्पताल भरमौर लाया गया, जहां उसे शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

यह भी पढ़ें : गहरी खाई में गिरी HRTC बस, ब्रेक फेल होने से पेश आया हाद.सा; चीखों से दहला इलाका

चंबा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने श्रद्धालु की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने घटना की जानकारी जम्मू-कश्मीर में मृतक के परिजनों को दे दी है और उनके भरमौर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डॉ. दीपेश बराल के अनुसार शव को नागरिक अस्पताल भरमौर के शवगृह में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने और औपचारिक शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें