#हादसा
September 19, 2026
हिमाचल : गहरी खाई में गिरी HRTC बस, ब्रेक फेल होने से पेश आया हाद.सा; चीखों से दहला इलाका
खराब बस को सड़क किनारे लगा रहा था ड्राइवर
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में HRTC की एक बस हादसे का शिकार हो गई। निरमंड क्षेत्र के थंथल में बस को सड़क किनारे करने के दौरान अचानक ब्रेक फेल हो गए और बस गहरी खाई में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि बस पिछले करीब दो दिन पहले से खराब थी। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।
हादसे में राहत की बात यह रही कि बस चालक सुरक्षित है। घटना में किसी तरह के बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हादसे के समय बस में यात्रियों की मौजूदगी नहीं थी, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, HRTC की यह बस पिछले करीब दो दिनों से थंथल में खराब हालत में खड़ी थी। शनिवार को बस को सड़क से हटाकर किनारे करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान बस को आगे बढ़ाते समय अचानक उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया।
ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन को रोक नहीं सका। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे चली गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बस के सड़क से नीचे जाने के बावजूद चालक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर चालक का हाल जाना और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की। लोगों के मुताबिक हादसे के समय बस के आसपास ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। अगर उस समय बस के पास अधिक लोग होते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को सुरक्षित बाहर निकालने और घटनास्थल पर स्थिति संभालने में मदद की। कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन चालक के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल इस घटना में किसी बड़े जानी नुकसान के न होने से स्थानीय लोगों और परिवहन विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि, सड़क किनारे खड़ी खराब बस को हटाने के दौरान हुआ यह हादसा वाहन की तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों को लेकर भी सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन की रीढ़ मानी जाने वाली HRTC की बसों की हालत को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में हजारों लोग रोजाना HRTC बसों के भरोसे सफर करते हैं। मगर कई जगह पुरानी और लंबे समय से चल रही बसें यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं।
बसों में तकनीकी खराबी, ब्रेक संबंधी दिक्कत, टायरों की स्थिति और बीच रास्ते में बसों के खराब होने जैसी घटनाएं चिंता बढ़ाती हैं। पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान बस की तकनीकी स्थिति बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में किसी बस का अचानक ब्रेक फेल होना या अन्य तकनीकी खराबी सामने आना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है।