बिलासपुर। अपने रोज़मर्रा के काम में व्यस्त एक महिला को क्या पता था कि उसके घर की रसोई ही उसके लिए जानलेवा साबित होने वाली है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रसोई में काम कर रही एक महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के डसते ही महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बेफिक्र काम कर रही थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत भडोलीकलां से सामने आया है। यहां पर  27 जून की शाम महिला अपने घर की रसोई में रोजमर्रा के काम में जुटी हुई थी। परिवार के लोगों को बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि घर के अंदर ही एक बड़ा खतरा मौजूद है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शॉर्ट सर्किट के बाद फटे गैस सिलेंडर, कुछ ही पल में राख हुआ सरकारी स्कूल

 

लेकिन अचानक ही स्थिति बदल गई। रसोई में काम करते वक्त महिला के पास ही एक जहरीला सांप आ गया और उसने उसे डस लिया। जैसे ही सांप ने काटा, महिला को तेज दर्द होने लगा और उसकी तबीयत तुरंत बिगड़ने लगी। यह देखकर घरवाले घबरा गए और मौके पर दौड़कर पहुंचे।

अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम 

महिला की हालत खराब होती देख परिजन बिना देर किए उसे तुरंत सिविल अस्पताल झंडूता लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया और उसे बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन सांप का जहर पहले ही शरीर में काफी फैल चुका था, इसलिए डॉक्टर भी उसे बचा नहीं पाए और इलाज के दौरान ही महिला की मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में जल्द दस्तक देगा मानसून- भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

मृतक महिला की पहचान मिल्केक (31) पत्नी सुशील कुमार निवासी गांव कल्लर, डाकघर भडोलीकलां, तहसील झंडूता व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। महिला की अचानक मौत की खबर जैसे ही परिवार और गांव के लोगों को मिली, हर कोई स्तब्ध रह गया।

परिवार पर पसरा मातम

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर मातम छाया हुआ है। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि कुछ समय पहले तक सामान्य जिंदगी जी रही महिला अचानक इस दुनिया से चली गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ITI के पास नशा सप्लाई करते थे तीन युवक, पुलिस ने लाखों के चिट्टे संग किए गिरफ्तार

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही थाना तलाई पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों और डॉक्टरों से घटना की पूरी जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

DSP ने दी मामले की जानकारी

DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में हर कोई इस परिवार के प्रति संवेदना जता रहा है।