चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लोकतंत्र के महापर्व के बीच एक दुखद घटना ने चुनावी माहौल को गमगीन कर दिया। नगर परिषद चंबा के जनसाली वार्ड निवासी 70 वर्षीय अंजनी शर्मा मतदान करने के लिए घर से निकले थे। मगर उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
वोट डालने से पहले बुजुर्ग की मौत
मतदान केंद्र तक पहुंचने से पहले ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और चुनावी उत्साह पलभर में मातम में बदल गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : 51 ग्राम चिट्टे के लिए साढ़े पांच साल चला केस, अब मिली महिला को कठोर सजा
अचानक सड़क पर गिर पड़े
जानकारी के अनुसार, अंजनी शर्मा सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बूथ से कुछ दूरी पहले अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई और देखते ही देखते वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और बिना समय गंवाए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया।
कैसे हुई बुजुर्ग की मौत?
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है, हालांकि चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम पुष्टि हो पाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : पंचतत्व में विलीन हुए अभिषेक, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि- दो साल पहले ही हुई थी शादी
परिवार का रो-रो कर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जनसाली वार्ड में भी इस घटना के बाद गहरा दुख फैल गया। जिस समय पूरा क्षेत्र चुनावी माहौल में डूबा हुआ था, उसी बीच बुजुर्ग मतदाता की अचानक मौत ने लोगों को भीतर तक झकझोर दिया।
हर बार आते थे वोट डालने
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजनी शर्मा लोकतंत्र में गहरी आस्था रखते थे और हर चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करते थे। उम्र अधिक होने के बावजूद वह इस बार भी उत्साह के साथ वोट डालने निकले थे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : बढ़ती महंगाई के बीच गैस संकट, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर- लोग परेशान
चुनावी जोश पड़ा फीका
इस दुखद घटना के बाद जनसाली वार्ड में चुनावी जोश फीका पड़ गया। कई लोग मतदान केंद्रों से सीधे मृतक के घर पहुंच गए, जबकि कुछ लोग अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गए। क्षेत्र में हर ओर सिर्फ इसी घटना की चर्चा होती रही। लोगों ने इसे लोकतंत्र के प्रति एक जागरूक नागरिक की अंतिम जिम्मेदारी बताते हुए अंजनी शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
