#अव्यवस्था
May 17, 2026
हिमाचल : बढ़ती महंगाई के बीच गैस संकट, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर- लोग परेशान
घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में पहले ही रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा रखा था, वहीं अब लोगों को गैस सिलेंडर हासिल करने के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि उपभोक्ताओं को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। कांगड़ा जिले के डमटाल क्षेत्र में गैस एजेंसी की लचर व्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांगड़ा जिले के इंदौरा उपमंडल के तहत आने वाली डमटाल गैस एजेंसी की अव्यवस्था अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं।
कई लोग सुबह जल्दी पहुंच जाते हैं ताकि उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सके, लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ता है। लोगों का कहना है कि एजेंसी में न तो सही व्यवस्था है और न ही उपभोक्ताओं को कोई स्पष्ट जानकारी दी जाती है।
गैस सिलेंडर की समस्या से सबसे ज्यादा परेशानी नौकरीपेशा और सरकारी कर्मचारियों को हो रही है। लोगों का कहना है कि गैस लेने के लिए उन्हें अपने दफ्तरों और कामकाज से छुट्टी लेनी पड़ रही है। कई बार पूरा दिन लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलता। नाराज उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या अब लोगों को सिर्फ गैस सिलेंडर लेने के लिए छुट्टियां लेनी पड़ेंगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्च महीने में आखिरी बार गैस सिलेंडर लिया था। उसके बाद उन्होंने नियमानुसार सिलेंडर की बुकिंग करवाई, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कई बार एजेंसी में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मचारियों पर मनमानी के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि एजेंसी के नंबर पर कॉल करने पर कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते। कई बार घंटों कोशिश करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलता।
लोगों का कहना है कि यदि किसी कारण सिलेंडर की सप्लाई में देरी हो रही है तो कम से कम उपभोक्ताओं को सही जानकारी तो दी जानी चाहिए, लेकिन यहां लोगों की समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।
गैस एजेंसी की खराब व्यवस्था का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। कई महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर घंटों लाइन में खड़ी रहने को मजबूर हैं। वहीं बुजुर्गों को भी तेज धूप में इंतजार करना पड़ रहा है।