कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग–503 पर बुधवार देर शाम पेश आए एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। रक्कड़ के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई है।

बाइक की चेन में फंसा दुपट्टा

यह हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए। मृतका की पहचान रक्षा देवी (63) पत्नी रूप सिंह चौहान के रूप में हुई है- जो कि गांव गुरल, देहरा के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में REEL के चक्कर में महिलाओं ने किया स्टंट : चलती कार से लटकी बाहर, कटा मोटा चालान

कहां जा रही थी महिला?

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रक्षा देवी की पुत्रवधू रक्कड़ स्थित ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत है और काम के सिलसिले में रक्कड़ में किराए के मकान में रहती है। परिवार में एक छोटा बच्चा भी है, जिसकी देखभाल के लिए रक्षा देवी अक्सर अपने गांव गुरल से रक्कड़ आती-जाती रहती थीं।

जिम्मेदारी निभाते हुए गंवाई जान

घर और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए वह कभी नहीं हिचकिचाईं, लेकिन इसी सफर के दौरान यह दुखद हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम रक्षा देवी गुरल से रक्कड़ की ओर जा रही थीं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर के पास गहरी खाई में गिरी पिकअप, नहीं बच पाया बेचारा ड्राइवर- दो बेटों ने खोया पिता

मौके पर ही हुई मौत

रक्कड़ से करीब दो किलोमीटर पीछे, अप्पर रक्कड़ क्षेत्र में अचानक उनका दुपट्टा बाइक की चेन में उलझ गया। देखते ही देखते संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

लोगों ने की बचाने की कोशिश

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 4 दिन बरसेंगे मेघ : जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, विभाग ने जारी किया घने कोहरे का अलर्ट

पुलिस ने शुरू की जांच

रक्कड़ पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा पूरी तरह दुर्घटनावश बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

क्षेत्र में शोक का माहौल

इस हादसे से गुरल और रक्कड़ क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। रक्षा देवी के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें