चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच सड़क हादसों का दौर जारी है। प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोग अपनी कीमती जानें गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक दिल को दहला देने वाला हादसा हिमाचल के चंबा जिला में हुआ है। यहां एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है। इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए और ट्रक तीन हिस्सों में बंट गया।
राजस्थान के ट्रक चालक की मौत
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा चंबा के चनेड़ के पास उस समय हुआ, जब राजस्थान का एक ट्रक चालक टाइलें लोड कर चंबा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चनेड़ के पास अचानक उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित ट्रक करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। मृतक चालक (ट्रक मालिक) की पहचान राम स्वरूप राजस्थान के बीकानेर जिले के स्वनतसर निवासी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : मंडी आपदा : लोगों की सुध लेने नहीं पहुंची MP कंगना, बोलीं- जयराम ठाकुर ने किया है मना
यह हादसा चंबा जिला में पठानकोट भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ है। मृतक ट्रक का मालिक था और खुद ही ट्रक चलाता था। बताया जा रहा है कि ट्रक के खाई में गिरने का जैसे ही ग्रामीणों को पता चला तो वह तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े और पुलिस को सूचित किया।
ग्रामीणों ने चालक को अस्पताल पहुंचाया
कुछ ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से उसे चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटनास्थल का दौरा कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के एक और गेस्ट हाउस में पड़ी रेड : अंदर चल रहा था गंदा खेल, 2 लड़कियां रेस्क्यू- महिला अरेस्ट
क्या बोले एसपी चंबा
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, सड़क पर फिसलन या अचानक तकनीकी खराबी इस दुर्घटना का कारण हो सकती है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही असल वजह सामने आएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जल शक्ति विभाग के पंप हाउस में फटा गैस सिलेंडर, धमाके की गूंज से दहल उठा इलाका
यह हादसा एक बार फिर हिमाचल की दुर्गम सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही के खतरे को उजागर करता है। स्थानीय प्रशासन और परिवहन विभाग के लिए यह एक गंभीर चेतावनी है कि बाहरी राज्यों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत किया जाए।
