मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है।  सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत ऊपरी बेहली के समकल गांव के 25 वर्षीय युवक निखिल कौशल की यूरोपीय देश सर्बिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

घटना की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में मातम छा गया। परिजन गहरे सदमे में हैं, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। निखिल की असामयिक मौत ने क्षेत्र के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

यह भी पढ़ें- सावाधान हिमाचल! अगले 6 दिन जमकर बरसेंगे बादल, कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

डेढ़ साल पहले गया था सर्बिया

बताया जा रहा है कि निखिल कौशल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के इरादे से करीब डेढ़ वर्ष पहले रोजगार के लिए सर्बिया गया था। विदेश में रहकर वह कड़ी मेहनत कर रहा था और अपने परिवार के बेहतर भविष्य के सपने संजोए हुए था।

माता-पिता पर दुखों का पहाड़

माता-पिता और छोटे भाई की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए वह लगातार काम कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि उसकी मेहनत से आने वाले समय में घर की परिस्थितियां बेहतर होंगी, लेकिन एक अप्रत्याशित घटना ने उन सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन पर सस्पेंस! HRTC ने डिलीवरी लेने से किया इनकार; जानें कारण

दोस्तों के साथ गया था नहाने

परिजनों को मिली जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन निखिल अपने कुछ साथियों के साथ नहाने के लिए गया था। बताया जाता है कि वह एक बार पानी से बाहर आया, लेकिन उस समय उसकी तबीयत कुछ असामान्य लग रही थी और उसे काफी पसीना आने लगा।

पानी में ही थम गई सांसें

इसके बाद वह दोबारा पानी में गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। जब उसके साथ मौजूद लोगों को चिंता हुई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के खाली खजाने को भरेगा यह जल विद्युत प्रोजेक्ट, हर साल देगा ₹200 करोड़ की संजीवनी

मौत के कारणों का खुलासा

घटना के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सर्बिया की स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

दोस्तों ने घर पर किया फोन

निखिल के चचेरे भाई सागर और सुनील ने बताया कि उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी सर्बिया में मौजूद निखिल के दोस्तों के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि परिवार चाहता है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए, ताकि किसी भी तरह की आशंका या संदेह की स्थिति समाप्त हो सके। उनका कहना है कि अगर मौत के पीछे कोई अन्य कारण है तो उसकी भी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।

यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के विजन ने बनाया नंबर वन, सड़कों की मजबूती में हिमाचल ने रचा इतिहास

कब घर पहुंचेगी पार्थिव देह?

परिजनों ने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निखिल का पार्थिव शरीर भारत लाया जाए। परिवार की इच्छा है कि उसका अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव समकल में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाए, ताकि परिवार और ग्रामीण अंतिम विदाई दे सकें।

पूरे इलाके के शोक का माहौल

जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, समकल गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निखिल मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार स्वभाव का युवक था, जिसने बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश का रुख किया था। किसी ने नहीं सोचा था कि वह इस तरह हमेशा के लिए अपनों से बिछड़ जाएगा।

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने पंजाब में बुलंद की आवाज: चंडीगढ़ में हिस्सेदारी- BBMB के बकाया भुगतान पर चर्चा

जांच में जुटी पुलिस टीम

स्थानीय लोगों ने भी सरकार से आग्रह किया है कि मामले में मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने, परिवार को आवश्यक सहयोग देने तथा घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि निखिल की मौत से जुड़े सभी सवालों के जवाब सामने आ सकें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।