ऊना/पालमपुर। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और सैलाब के बीच हिमाचल प्रदेश से जुड़े एक दंपति के लापता होने की जानकारी सामने आई है। ऊना जिले के नंगड़ां गांव की नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा पिछले करीब छह दिनों से परिजनों के संपर्क में नहीं हैं। दोनों कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए थे और 26 अगस्त की सुबह परिवार से आखिरी बार बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
समय के साथ परिवार की बढ़ रही चिंता
दंपति के लंबे समय से संपर्क में न आने के कारण परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए उनकी बेटी डॉ. राधिका और उनके पति डॉ. पूजन काठमांडू पहुंच गए हैं। दोनों अपने माता-पिता की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर संपर्क साधने के साथ हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आफत की बारिश: दो घर हुए जमींदोज, 3 लोग मलबे में दबे; उफनती खड्ड में बही JCB
इंजीनियर के बाद अब दंपति के लापता होने की खबर
नेपाल में आई बाढ़ और सैलाब के बीच हिमाचल प्रदेश से जुड़े लोगों के लापता होने का यह एक और मामला सामने आया है। इससे पहले ऊना के मैहतपुर-बसदेहड़ा से जुड़े एक इंजीनियर के लापता होने की जानकारी सामने आई थी। अब ऊना के नंगड़ां गांव की नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा जो मूल रूप से कांगड़ा जिला के पालमपुर के बीड़ के रहने वाले हैं के लापता होने की सूचना ने परिजनों की चिंता और बढ़ा दी है। परिजनों के मुताबिक दोनों यात्रा के सिलसिले में नेपाल पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौसम बिगड़ गया और कई इलाकों में बाढ़ तथा सैलाब की भयावह स्थिति पैदा हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पेंशनरों का फूटा गुस्सा: बोले-'हक मांग रहे-भीख नहीं'; सुक्खू सरकार को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले थे दोनों
जानकारी के अनुसार नीलम शर्मा और रमेश शर्मा कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों 26 अगस्त को नेपाल में मौजूद थे। उसी दिन सुबह परिवार के सदस्यों से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद संपर्क टूट गया। परिवार की ओर से लगातार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों से बातचीत नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सदन में सरकार-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोक, आधे घंटे तक चलता रहा घमासान; जानें क्या था मुद्दा
परिवार के अनुसार दंपति ने नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन भी किए थे। इसके बाद वे अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए। इसी दौरान नेपाल में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई और इसके बाद से दोनों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी परिवार तक नहीं पहुंची है।
माता-पिता की तलाश में बेटी पहुंची काठमांडू
माता-पिता से छह दिन से संपर्क नहीं होने के बाद उनकी बेटी डॉ. राधिका और उनके पति डॉ. पूजन काठमांडू पहुंच गए हैं। दोनों स्थानीय स्तर पर संबंधित लोगों और एजेंसियों से संपर्क कर अपने माता-पिता की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। बेटी के काठमांडू पहुंचने के बाद परिवार की उम्मीदें अब इस बात पर टिकी हैं कि किसी तरह दंपति का पता चल सके और उनकी सुरक्षित होने की जानकारी मिल सके। परिवार लगातार संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन फिलहाल दोनों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बर्थडे मनाने के कुछ घंटे बाद गायब हुई 18 वर्षीय युवती, पिता बोले- मेरी बेटी को भगा ले गया कोई!
अमेरिका के नागरिक होने की भी जानकारी
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार नीलम शर्मा और रमेश शर्मा अमेरिका के नागरिक हैं। बताया जा रहा है कि वे न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी से भारतीय मूल के श्रद्धालुओं के एक दल के साथ नेपाल पहुंचे थे। कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए निकले इस दल की यात्रा के दौरान नेपाल में बाढ़ की भयावह स्थिति सामने आई। इसके बाद दंपति से संपर्क टूटने की बात कही जा रही है।
छह दिन से हर फोन कॉल पर टिकी परिवार की उम्मीद
दंपति के छह दिनों से संपर्क से बाहर होने के कारण हिमाचल में उनके परिवार और परिचितों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। हर गुजरते दिन के साथ परिजनों की बेचैनी बढ़ रही है और सभी को उनके सुरक्षित होने की खबर का इंतजार है। बेटी और दामाद के काठमांडू पहुंचने के बाद अब उनकी तलाश के प्रयास और तेज किए गए हैं। परिवार की कोशिश है कि नेपाल में संबंधित स्तर पर संपर्क कर दंपति की लोकेशन या उनके बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी हासिल की जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवक के लिए फरिश्ता बनी नवविवाहिता, तेज बहाव में बहे बाइक सवार को चुनरी से बचाया
नेपाल में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही
नेपाल में आई बाढ़ और सैलाब ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित किया है। भारी बारिश और अचानक बढ़े जलस्तर के कारण कई स्थानों पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में यात्रा पर गए लोगों के परिजनों की चिंता भी बढ़ी हुई है। हिमाचल से जुड़े इस दंपति के मामले ने भी परिवार को गहरी चिंता में डाल दिया है। हालांकि, उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
