#विविध

September 1, 2026

हिमाचल: युवक के लिए फरिश्ता बनी नवविवाहिता, तेज बहाव में बहे बाइक सवार को चुनरी से बचाया

सड़क पर आ गया था पानी का सैलाब, पार करते बहने लगा युवक

शेयर करें:

chamba flash flood News

चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। पहाड़ों से उतर रहा बारिश का पानी खड्डों और नालों को उफान पर ला रहा है, वहीं कई जगहों पर पानी सड़कों के ऊपर से बहने लगा है। ऐसे में सड़क से गुजरना वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। चंबा जिले में भी बारिश के बाद कुछ ऐसा ही खौफनाक मंजर सामने आया, जहां सड़क पर अचानक तेज बहाव के बीच एक बाइक सवार युवक फंस गया। गनीमत रही कि समय रहते उसको मदद मिल गई और एक नवविवाहिता ने अपनी चुनरी से युवक को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

 

मामला चंबा के ककीरा-कमलाड़ी मार्ग का बताया जा रहा है। बारिश के बाद सड़क के ऊपर से अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते सड़क का एक हिस्सा तेज बहते पानी की चपेट में आ गया। इसी दौरान वहां से बाइक लेकर गुजर रहा एक युवक पानी के बीच फंस गया। पानी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि उसके लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बर्थडे मनाने के कुछ घंटे बाद गायब हुई 18 वर्षीय युवती, पिता बोले- मेरी बेटी को भगा ले गया कोई!

पानी के तेज बहाव में फंस गया युवक

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान ककीरा-कमलाड़ी मार्ग पर अचानक पानी बढ़ गया। ikuh का बहाव इतना तेज हो गया कि वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार युवक इस तेज पानी की चपेट में आ गया। युवक को बहते पानी के बीच फंसा देखकर वहां से गुजर रहे टैक्सी सवार लोगों ने तुरंत वाहन रोका और उसकी मदद के लिए आगे आए। तेज बहाव के कारण युवक तक सीधे पहुंचना भी खतरनाक था। 

नवविवाहिता की चुनरी से बचाई युवक की जान

टैक्सी में सवार एक नवविवाहिता और उसकी ननद ने अपनी चुनरी मदद के लिए दे दी। दोनों की चुनरियों को आपस में जोड़कर एक रस्सी बनाई गई और उसके सहारे बाइक सवार युवक तक पहुंचाया गया। युवक ने चुनरी को मजबूती से पकड़ा और दूसरी तरफ मौजूद लोगों ने उसे खींचना शुरू किया। सामूहिक प्रयास और सूझबूझ के चलते युवक को धीरे-धीरे तेज बहाव से बाहर निकाल लिया गया। इस तरह एक नवविवाहिता की चुनरी उस समय बाइक सवार युवक के लिए जिंदगी की डोर बन गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे बिजली बोर्ड के जेई को महिला ने जड़ दिए थप्पड़, लोगों से हुआ विवाद

कुछ पल की देरी पड़ सकती थी भारी

बारिश के बीच सड़क पर तेज पानी का बहाव देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थिति कितनी खतरनाक थी। अगर समय रहते वहां मौजूद लोगों ने मदद नहीं की होती तो बाइक सवार युवक तेज बहाव में बह सकता था। लोगों की तत्परता और नवविवाहिता की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को तेज बहते पानी के बीच फंसे बाइक सवार को बाहर निकालने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में बारिश के कारण सड़क पर बने तेज बहाव की स्थिति भी साफ दिखाई देती है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख