राजनीति

#यूटिलिटी

November 27, 2026

कहीं खत्म ना हो जाए हिमाचल का ये पूरा गांव ! भूस्खलन की चपेट में 30 परिवारों के आशियाने; मांगी मदद

नदी का भूमि कटाव गांव तक पहुंचा, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा दीवार बनाने की मांग

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Kullu Landslide News

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की नदियां जितनी शांत और खूबसूरत नजर आती हैं, उनका रौद्र रूप उतना ही भयावह होता है। जब पहाड़ों से उतरकर ये नदियां उफान पर आती हैं तो अपने किनारों पर बसे गांवों के लिए बड़ा खतरा बन जाती हैं। कहीं खेत और बगीचे बह जाते हैं तो कहीं लोगों के आशियानों पर संकट मंडराने लगता है। ऐसा ही एक खौफनाक मंजर जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल की तीर्थन घाटी में देखने को मिल रहा है। यहां तीर्थन नदी का लगातार बढ़ता कटाव दाड़ी गांव के अस्तित्व के लिए खतरा बन गया है।

 

नदी का तेज बहाव धीरे-धीरे गांव की ओर बढ़ रहा है और अब लोगों के घरों तक खतरे की आहट पहुंचने लगी है। गांव के करीब 30 परिवारों की रातों की नींद उड़ी हुई है। वर्ष 2023 और 2025 में आई आपदाओं के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि नदी का लगातार कटाव ग्रामीणों के लिए नई मुसीबत बन गया है। करीब 20 बीघा जमीन और बगीचे प्रभावित हो चुके हैं। ग्रामीणों को डर है कि यदि समय रहते सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई तो आने वाले समय में उनके घर और बची हुई जमीन भी नदी और भूस्खलन की भेंट चढ़ सकती है।

धीरे-धीरे गांव की तरफ बढ़ रहा खतरा

दाड़ी गांव के लोगों के लिए तीर्थन नदी अब खूबसूरत वादियों के बीच बहने वाली सामान्य नदी नहीं, बल्कि एक बड़े खतरे का कारण बनती जा रही है। नदी के तेज बहाव से किनारों पर लगातार भूमि कटाव हो रहा है। हालात यह हैं कि कटाव अब रिहायशी क्षेत्र के बेहद नजदीक पहुंच चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2023 और 2025 में हुए भूस्खलन ने पहले ही उनकी जमीन और बगीचों को भारी नुकसान पहुंचाया है। अब नदी की तरफ से लगातार हो रहे कटाव ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द बचाव कार्य शुरू नहीं हुआ तो पूरा गांव इसकी चपेट में आ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : बाली-विक्रमादित्य सिंह के बाद अब इस मंत्री ने खुलेआम किया CM सुक्खू के फैसले का विरोध; दी ये नसीहत

20 बीघा जमीन और बगीचों को पहुंचा नुकसान

तीर्थन नदी के कटाव ने ग्रामीणों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। नदी किनारे स्थित करीब 20 बीघा जमीन पर लगे बगीचे प्रभावित हो चुके हैं। फलदार पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, हेमराज, दीवान चंद और राजेंद्र के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। नदी किनारे स्थित राजेंद्र का होमस्टे भी जोखिम की जद में आ गया है। इसके अलावा घनश्याम सिंह, यशपाल, विजय सिंह और ओम प्रकाश सहित कई अन्य ग्रामीण भी अपनी जमीन और संपत्ति को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का कटाव इसी तरह जारी रहा तो उनके पास बची हुई जमीन भी सुरक्षित नहीं रह पाएगी।

 

यह भी पढ़ें : HRTC ड्राइवर-कंडक्टर ने बुजुर्ग को दिया नया जीवन, चलती बस में हो गया था बेसुध

नदी किनारे सुरक्षा दीवारें लगाने की गुहार

लगातार बढ़ते खतरे के बीच ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। ग्रामीण नीत प्रकाश ने मांग की है कि तीर्थन नदी के किनारे भूस्खलन से प्रभावित सभी संवेदनशील स्थानों का विशेषज्ञों से तकनीकी सर्वे करवाया जाए। इसके बाद उन स्थानों पर मजबूत आरसीसी कंक्रीट सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया जाए, ताकि नदी के कटाव को रोका जा सके। वहीं, नरेश कुमार का कहना है कि वर्ष 2023 और 2025 में आई आपदाओं के कारण गांव की जमीन को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। ऐसे में प्रशासन को अब और इंतजार किए बिना गांव की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाएं होंगी हाईटेक... इसके लिए सुक्खू सरकार ने 661 पदों पर भर्ती को दी मंजूरी

डेढ़ साल पहले मिला था भरोसा

दाड़ी गांव के लोगों की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि उन्हें पहले भी सुरक्षा दीवार लगाने का भरोसा मिल चुका है। वर्ष 2025 में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने आपदा प्रभावित गांव का दौरा किया था। उस दौरान ग्रामीणों को तीर्थन नदी के किनारे कंक्रीट की सुरक्षा दीवार बनाने का आश्वासन दिया गया था। इससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और उनके घरों तथा जमीन को सुरक्षित करने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाएगी। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर उन्हें अपने घर और जमीन बचाने के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा।

 

यह भी पढें : हिमाचल : पिता ने बेटी की शादी में नहीं परोसी शराब, फौजी ने अपनी पेंशन से दिया 11 हजार इनाम

सरकार को भेजे गए सुरक्षा कार्यों के एस्टीमेट

इस मामले में बंजार के एसडीएम पंकज शर्मा का कहना है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य करवाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर सरकार को भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि दाड़ी गांव के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी भूस्खलन और भूमि कटाव की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है। प्रशासन की ओर से जल्द ही इन क्षेत्रों में बचाव और सुरक्षा से जुड़े निर्माण कार्य पूरे करवाने की बात कही गई है। हालांकि, ग्रामीणों को अब सरकारी आश्वासनों के बजाय धरातल पर काम शुरू होने का इंतजार है।

 

यह भी पढ़ें : रामपुर सीट उपचुनाव : फरवरी-मार्च में हो सकता है मतदान, कांग्रेस के सामने गढ़ बचाने की चुनौती

जमीन का अगला हिस्सा बहा

ग्रामीण भाई लाल ने बताया कि तीर्थन नदी के तेज बहाव के कारण लोगों की जमीन और बगीचों का अगला हिस्सा बहकर बर्बाद हो चुका है। यदि समय रहते सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में और जमीन नदी में समा सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सरकार और प्रशासन के सामने अपनी समस्या रख चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें स्थायी राहत नहीं मिली है। अब गांव के करीब 30 परिवारों की निगाहें सरकार पर टिकी हैं। लोगों की मांग है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय दाड़ी गांव को बचाने के लिए तुरंत सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं। 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख