#यूटिलिटी
November 22, 2026
हिमाचल में अगले सात दिन तक बारिश के आसार नहीं, शुष्क ठंड से बीमार पड़ने लगे लोग

शिमला मनाली। हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में भले ही धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन रात होते ही तापमान में गिरावट के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश की प्रसिद्ध मणिमहेश झील और रोहतांग दर्रे के आसपास पानी जमकर बर्फ में तब्दील होने लगा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पड़ रही भीषण ठंड के बीच प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी सुबह और शाम सर्दी का एहसास बढ़ गया है। वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने फिलहाल बारिश और बर्फबारी की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को थोड़ा और इंतजार करने पर मजबूर कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में आगामी सात दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहने का अनुमान है। 27 नवंबर तक राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है। मैदानी क्षेत्रों से लेकर निचले, मध्यम ऊंचाई और ऊंचाई वाले इलाकों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में प्रदेशवासियों को फिलहाल आसमान से राहत की बूंदों और बर्फ के फाहों के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: केबल तार बिछाने-अवैध निर्माण पर लगेगा भारी जुर्माना, जेल भी होगी
प्रदेश 0में इन दिनों दिन और रात के मौसम में साफ अंतर देखने को मिल रहा है। दिन के समय धूप निकलने से कई क्षेत्रों में मौसम आरामदायक बना रहता है, लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंड तेजी से बढ़ जाती है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय तापमान काफी नीचे चला जा रहा है। शुष्क ठंड के कारण लोगों को सर्दी-जुकाम, खांसी और गले में परेशानी जैसी मौसमी दिक्कतों से बचाव रखने की जरूरत है। सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने तथा ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी जा रही है।
उधर, कुल्लू-मनाली की ऊंची वादियों में सर्दी का असर अब बर्फीले नजारों के रूप में दिखाई देने लगा है। मनाली से करीब 51 किलोमीटर दूर रोहतांग दर्रे में कड़ाके की ठंड के चलते झील जमकर ठोस बर्फ में तब्दील हो गई है। झील का पानी शीशे की तरह जम गया है और चारों ओर बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच यह नजारा पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नीले आसमान के नीचे सफेद बर्फ और जमी हुई झील का खूबसूरत दृश्य सैलानियों को खूब लुभा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शिक्षा के मंदिर में छात्रा से नीच हरकत, साथ पढ़ने वाले सहपाठी की बिगड़ी नियत; मामला दर्ज
वीकेंड पर रोहतांग दर्रे में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। रविवार को करीब 572 पर्यटक वाहनों में पांच हजार से अधिक सैलानी बर्फीली वादियों का दीदार करने पहुंचे। सुबह से ही मनाली से रोहतांग की ओर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। पर्यटकों ने जमी हुई झील के आसपास फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा बर्फ के बीच परिवार और दोस्तों के साथ यादगार पल बिताए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: जमीन के लिए मां से धोखाधड़ी! बेटे ने अपने नाम करवा ली पूरी संपत्ति; कोर्ट ने सिखाया सबक
दर्रे में दिनभर धूप खिली रहने से पर्यटकों को बर्फीले मौसम का आनंद लेने का मौका मिला। हालांकि ठंडी हवाओं के चलते तापमान का एहसास काफी कम रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बर्फ में समय बिताया और खूबसूरत नजारों को कैमरे में कैद किया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर जवान तैनात किए गए थे।
पर्यटन कारोबारियों चंद्रसेन ठाकुर, जगदीश, टीकम, वेद राम और रमेश के अनुसार रविवार को बड़ी संख्या में सैलानी रोहतांग पहुंचे। पर्यटकों ने जमी हुई झील और बर्फ से ढकी चोटियों के बीच खूब समय बिताया। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से टैक्सी चालकों, फोटोग्राफरों और चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले कारोबारियों को भी रोजगार मिल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बड़ी बहन की शादी से 12 दिन पहले छोटी की मिली अधजली देह, परिवार में पसरा मातम
स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में क्रिसमस और न्यू ईयर के अवसर पर मनाली में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। हालांकि फिलहाल वीकेंड पर अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है, जबकि सप्ताह के अन्य दिनों में पर्यटन गतिविधियां अपेक्षाकृत धीमी हैं। होटलों में क्रिसमस और नववर्ष के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में अच्छी बर्फबारी हुई तो विंटर टूरिज्म को और रफ्तार मिलेगी।
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने के साथ मणिमहेश झील और रोहतांग जैसे स्थानों पर पानी जमने की स्थिति सर्दियों के आगमन का संकेत दे रही है। दूसरी ओर, मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं हैं। ऐसे में फिलहाल प्रदेश में शुष्क ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। अब पर्यटकों के साथ-साथ पर्यटन कारोबारियों की निगाहें भी आसमान पर टिकी हैं कि मौसम कब करवट लेगा और पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी का दौर शुरू होगा।