#यूटिलिटी
November 29, 2026
काम रूकवाने का किया प्रयास, मजदूरों और सप्लायर को धमकाया

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में रेल विस्तार को विकास की नई उम्मीद और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन अब भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन परियोजना के निर्माण कार्य पर विरोध के बादल मंडराने लगे हैं। प्रदेश के लिए महत्वाकांक्षी मानी जा रही इस रेल परियोजना को समय पर पूरा करने की राह आसान नजर नहीं आ रही है। पिछले दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग निर्माण स्थलों पर कंपनी के कर्मचारियों और मजदूरों को न केवल स्थानीय विरोध का सामना करना पड़ा, बल्कि काम बंद करवाने और मशीनें तक जलाने की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को पुलिस सुरक्षा की मांग करनी पड़ी है।
भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन हिमाचल प्रदेश के आधारभूत ढांचे और भविष्य की कनेक्टिविटी के लिहाज से एक अहम परियोजना है। इस रेलमार्ग के पूरा होने से प्रदेश में परिवहन सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सामरिक दृष्टि से भी इस रेललाइन का विशेष महत्व माना जा रहा है। ऐसे में परियोजना के निर्माण में आ रही बाधाएं चिंता का विषय बन गई हैं। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के तहत पांच महत्वपूर्ण रेलवे पुलों का निर्माण कर रही कंपनी को लगातार मिल रहे विरोध और धमकियों ने कामकाज का माहौल प्रभावित कर दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी के दो माह बाद ही नई नवेली दुल्हन प्रेमी संग हुई फरार, पुलिस ने दिल्ली से धरी
निर्माण कार्य में बाधा डालने का पहला मामला 27 नवंबर को नीलां स्थित निर्माण स्थल पर सामने आया। जानकारी के अनुसार, हुंडई क्रेटा गाड़ी में सवार होकर तीन अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे और वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इन लोगों ने निर्माण कार्य तत्काल बंद करने की चेतावनी देते हुए मशीनों को आग के हवाले करने की धमकी दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद कर्मचारियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गईं।
यह भी पढ़ें : चंडीगढ़ से हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने आ रही थी नेहा, पुलिस ने साथी संग की गिरफ्तार
विरोध करने वालों का दबाव केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहा। निर्माण कार्य के लिए कंक्रीट लेकर पहुंचे तीन ट्रांजिट मिक्सरों को भी काम करने से रोक दिया गया और उन्हें वापस लौटना पड़ा। इतना ही नहीं, आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) सप्लायर को भी कथित तौर पर कंक्रीट की आपूर्ति बंद करने की धमकी दी गई। आरोप है कि दोबारा वाहन भेजने पर उन्हें जलाने की चेतावनी तक दी गई। इससे निर्माण स्थल पर सामग्री की आपूर्ति और काम की निरंतरता प्रभावित होने लगी। स्थिति की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसके हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो पाया।
यह भी पढ़ें : नहर में मिली दामाद की देह, सुसर ने जताया कई युवकों पर शक- पुलिस को बताई सच्चाई
एक दिन बाद यानी 28 नवंबर को देबट खड्ड में भी निर्माण कार्य को लेकर विरोध देखने को मिला। यहां ग्रामीणों ने संपर्क सड़कों के निर्माण, मौजूदा रास्तों की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी इंतजामों को लेकर अपनी मांगें उठाईं। ग्रामीणों के विरोध के चलते निर्माण कार्य को रोकना पड़ा। इस घटनाक्रम ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और निर्माण कंपनी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एक तरफ जहां निर्माण स्थल पर धमकियों का मामला सामने आया, वहीं दूसरी ओर स्थानीय सुविधाओं और बुनियादी जरूरतों को लेकर उठ रहे सवालों ने भी परियोजना के कामकाज को प्रभावित किया है।
लगातार दो दिनों में सामने आए इन घटनाक्रमों के बाद रेल विकास निगम लिमिटेड ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है। आरवीएनएल के मुख्य परियोजना प्रबंधक राकेश सहवाल ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर निर्माण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि असुरक्षित माहौल के कारण मजदूरों, कर्मचारियों और निर्माण कार्य में लगी मशीनरी की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। साथ ही इस तरह की घटनाओं से परियोजना की प्रगति भी प्रभावित हो रही है। निगम ने धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह भी किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का यू-टर्न: इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार, घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी
भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन परियोजना के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 31 दिसंबर 2026 की समयसीमा निर्धारित की गई है। ऐसे में निर्माण स्थलों पर लगातार पैदा हो रही बाधाएं परियोजना प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती बन सकती हैं। रेलवे से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को राष्ट्रीय महत्व का बताते हुए आरवीएनएल ने समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की आवश्यकता जताई है। अब देखना होगा कि प्रशासन निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और स्थानीय स्तर पर उठ रहे विरोध के मुद्दों का समाधान निकालने के लिए क्या कदम उठाता है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने मिड-डे मील वर्करों को दी बड़ी सौगात- अब साल में मिलेगी 12 और छुट्टियां
हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क का विस्तार केवल यातायात सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के औद्योगिक विकास, पर्यटन, रोजगार और सामरिक जरूरतों से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में बिलासपुर रेललाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का बार-बार बाधित होना प्रदेश के विकास की संभावनाओं के लिहाज से चिंता पैदा करता है।