शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में तेज वर्षा भी हुई। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।

हिमाचल में आज से भारी बारिश

इसके साथ ही बिलासपुर, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, सोलन और चंबा के कुछ क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे और कैश संग पकड़ी श्रुति, दो साथी भी हुए गिरफ्तार

जानें कब तक रहेगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 11 अगस्त तक कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है- जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कम और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

भारी बारिश से बढ़ सकती हैं मुश्किलें

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। फिसलन और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : परिवार संग नयना देवी के मंदिर आया था पंजाबी, बंदर के डर से गिरा- थमीं सांसें

खेती और बागवानी पर असर

बारिश का असर खेती और बागवानी पर भी पड़ सकता है। तेज वर्षा से फसलों और बागानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। यदि कहीं अत्यधिक बारिश होती है तो सड़क यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं और दैनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है।

नदी-नालों से दूर रहने की सलाह

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पानी वाले क्षेत्रों के करीब जाने से बचें। विशेष रूप से उन स्थानों पर सतर्क रहने को कहा गया है जहां भूस्खलन, फ्लैश फ्लड या जमीन धंसने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।

यह भी पढ़ें- HRTC पर भड़का हाईकोर्ट, कहा- बिना कारण बताए कर्मियों को सजा देना गलत; डिमोशन पर भी रोक

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। वाहन चालकों को बारिश के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और संवेदनशील मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें