शिमला। हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून के अलविदा कहने के कोई संकेत नहीं हैं। प्रदेश में एक बार फिर से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। कल से अगले 72 घंटे तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश का येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य के कई भागों में 25, 26 और 27 सितंबर को बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार ने खोया जवान बेटा, एक दिन पहले ही गया था सबसे मिलकर
कब साफ होगा मौसम?
हालांकि, 27 सितंबर के बाद मौसम फिर साफ होगा और लोगों को बारिश से राहत मिलेगी। मगर अक्टूबर के पहले हफ्ते में फिर से बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल में पिछले चार दिन से अच्छी धूप खिली हुई है। इससे तापमान में भी उछाल आया है। मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ गई है। जबकि, ऊपरी इलाकों में मौसम सुहावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला ने खा लिया था ज*हर, आठ दिन बाद छोड़ गई दुनिया
कब विदा होगा मानसून?
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है कि मानसून कब डिपार्चर होगा। हिमाचल से इस बार मानसून नॉर्मल डेट पर विदा नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश से मानसून विदा होने की नॉर्मल डेट 24 सितंबर है। मगर अभी तक इसके अलविदा कहने के कोई संकेत नहीं है।
इस मानसून सीजन 36 लोगों की मौत
हिमाचल में इस मानसून सीजन में भी भारी तबाही हुई है। इस मानसून सीजन में प्रदेश के कई हिस्सों में बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की 97 घटनाएं हुईं। इनमें 36 लोगों की मौत हुई और 33 लापता हैं। इन घटनाओं में 122 घर, 17 दुकानें और 24 पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। 31 जुलाई की मध्यरात्रि शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में बादल फटने से जान.माल का भारी नुकसान हुआ था।
यह भी पढ़ें : राहुल-सोनिया के बाद प्रियंका गांधी ने हिमाचल को कहा बाय, 9 दिन शिमला में ठहरी थीं
हिमाचल को 1331 करोड़ का नुकसान
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार इस मानसून सीजन में हिमाचल को 1331 करोड़ की चल.अचल संपति का नुकसान हुआ है। लोकनिर्माण विभाग को सबसे ज्यादा 633 करोड़ और जलशक्ति विभाग को 513 करोड़ का नुकसान पहुंचा है।