#यूटिलिटी

July 20, 2026

हिमाचल में 3 जगह फटे बादल: 3 पुल क्षतिग्रस्त, नाले के बहाव में फंसे मजदूर; किसानों को भारी नुकसान

पांगी और लाहौल स्पीति में बादल फटने से तबाही, लोगों ने भाग कर बचाई जान

शेयर करें:

cloud brust

चंबा/लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच मानसून ने सोमवार को कई क्षेत्रों में विकराल रूप धारण कर लिया। चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों से बादल फटने और फ्लैश फ्लड जैसी घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। कई नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई, जिससे सड़कें, पुल और कृषि भूमि प्रभावित हुई हैं। वहीं चंबा जिले में तीन मजदूर तेज बहाव के बीच फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने साहसिक अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

पांगी घाटी में तीन स्थानों पर बादल फटने जैसे हालात

जनजातीय क्षेत्र पांगी में सोमवार को मौसम ने सबसे अधिक कहर बरपाया। हिलु, उदीन और थांदल क्षेत्र में अचानक भारी वर्षा के बाद नालों में तेज बहाव आ गया। कुछ ही समय में स्थिति फ्लैश फ्लड में बदल गई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। तेज बहाव के कारण छोटे पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। संपर्क मार्गों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह सड़कें टूट गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।

 

यह भी पढ़ें : खड़े पहाड़.. जा.नलेवा ढलान भी नहीं रोक पाई कदम, 2 दिन पैदल चल टीम ने बड़ा भंगाल से रेस्क्यू किया मरीज

किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

पांगी में फ्लैश फ्लड का सबसे बड़ा असर खेती पर पड़ा है। हिलु, उदीन और थांदल गांवों में खेतों में खड़ी नगदी और मौसमी फसलें बाढ़ की चपेट में आ गईं। तेज बहाव ने कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचाया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। राजस्व और कृषि विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई हैं।

उफनते नाले में फंसे तीन मजदूर

चंबा जिले के होली क्षेत्र में भी बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के कारण एक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वहां कार्य कर रहे तीन मजदूर बीच धारा में फंस गए। कुछ ही मिनटों में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि मजदूरों के लिए बाहर निकलना असंभव हो गया। स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया। रस्सियों की मदद से जोखिम उठाकर तीनों मजदूरों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। यदि कुछ और देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिता का निधन..मल्टी टास्क वर्कर मां की बेटी ने रचा इतिहास; गांव की पहली डॉक्टर बनेगी प्रियंका

लाहौल-स्पीति में भी बादल फटने से नुकसान

उधर लाहौल-स्पीति जिले में भी भारी बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। खांगसर और शूगू गांव के आसपास अचानक आए तेज बहाव ने कृषि भूमि, पैदल रास्तों और स्थानीय बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया है। जाहलमा नाले में आई बाढ़ के कारण एक अस्थायी पुल भी बह गया, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। पुल बहने के बाद कुछ इलाकों का सड़क संपर्क बाधित हो गया और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल का पावर कपल : एक ही जिले में दोनों ने संभाला SDM का पदभार, संघर्ष से पाया मुकाम

रेड अलर्ट के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों के लिए संवेदनशील माने जा रहे हैं। लगातार वर्षा के कारण फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, बादल फटने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह

लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। गैर-जरूरी यात्रा टालने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की भी सलाह दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर कई जिलों में शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश से सड़कों पर बहने लगे नाले, पुल टूटा; अगले कुछ घंटे भारी-दो दिन रेड अलर्ट

बारिश से तापमान में आई गिरावट

लगातार वर्षा का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंबा सहित कई जिलों में मौसम सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ठंडा महसूस किया गया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख