शिमला। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत की जनता एकजुटता का परिचय दे रही है। इस कड़ी में हिमाचल के लोग भी पीछे नहीं हैं। हिमाचल की आम जनता भी अपने अपने तरीके से सेना की मदद को तैयार बैठी है। हिमाचल के सोलन जिला के टैक्सी चालकों ने छुट्टी पर घर आए फौजी भाईयों को ड्यूटी पर जाने के लिए अपनी टैक्सी निशुल्क उपलब्ध करवाने का ऐलान किया है।
शूलिनी टैक्सी यूनियन सैनिकों को देगी फ्री सेवा
शूलिनी टैक्सी यूनियन सोलन के प्रधान कमल कुमार ने बताया कि भारत पाक संघर्ष के बीच अगर कोई सैनिक छुट्टी पर घर आया है और उसे वापस ड्यूटी पर लौटना है तो उनसे संपर्क कर सकता है। हमारी टैक्सी यूनियन के चालक अपनी टैक्सी में उस सैनिक को मुफ्त में उसके गंत्वय तक छोड़ कर आएंगे। उनकी यूनियन सैनिकों के लिए दिन रात उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें : भारत की पाकिस्तान को चेतावनी, अब हर आतंकी हमला माना जाएगा युद्ध, लेंगे कड़ा एक्शन
यूनियन के प्रधान ने कहा कि भारत-पाक संघर्ष के बीच सैनिक देश की रक्षा कर रहे हैं तो यूनियन उन्हें ये सुविधा दे रही है। यूनियन के अध्यक्ष कमल कुमार ने कहा कि आज शनिवार को भी भारतीय सेना के जवानों को लेकर दो गाड़ियां भेजी गई हैं। जिसमें एक गाड़ी पिंजौर तक भेजी गई है। शनिवार को हिमाचल टैक्सी यूनियन सोलन ने भी मुफ्त टैक्सी उपलब्ध करवाने का एेलान किया है।
यह भी पढ़ें : भारत-पाक तनाव के बीच हिमाचल के इस जिला में ना दिखेंगे ड्रोन और ना ही होंगे धमाके
ट्रक यूनियन का भी बड़ा ऐलान
इसी तरह से ट्रक यूनियन नालागढ़ ने भी ऐलान किया है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह अपने ट्रक सेना का सामान ढोन के लिए उपलब्ध करवा देंगे। यूनियन के प्रधान हरभजन चौधरी और महासचिव दिनेश कौशल ने कहा कि सेना को सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए जरूरत पड़ी तो यूनियन बिना भाड़े के ट्रक देने को तैयार है। वहीं 3600 ट्रकों वाली बिलासपुर ट्रक ऑपरेटर परिवहन सहकारी सभा ने भी सेना को मदद देने का एलान किया है।
यह भी पढ़ें : भारत-पाक के बीच तनाव : कौन सी खबर झूठी, क्या अफवाह? सिर्फ इस सोर्स पर करें यकीन
पर्यटन कारोबारी चलाएंगे रक्त दान शिविर
वहीं राजधानी शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी के पर्यटन कारोबारियों ने भी बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने सामूहिक रूप से महासू पीक पर बैठक कर भारतीय सेना के लिए रक्तदान करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम ठाकुर और महासचिव राहुल झीना ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में कुफरी के पर्यटन कारोबारी भारतीय सेना के साथ हैं। हम सीमाओं पर नहीं जा सकते लेकिन सेना के लिए रक्तदान कर अपनी भूमिका निभाएंगे।
