#यूटिलिटी
May 21, 2026
हिमाचल में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट- जानें अपडेट
इन दिनों तापमान सामान्य से काफी ऊपर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 22 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज अंधड़ और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का अनुमान जताया है। विभाग की ओर से कुछ जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में इन दिनों तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
शिमला, कांगड़ा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और नाहन जैसे क्षेत्रों में मई महीने की तेज गर्मी ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दोपहर के समय तेज धूप और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने जानकारी देते हुए बताया कि चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इसके चलते इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बदलने के साथ हल्की बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा के निचले क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताते हुए लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
विभाग ने कहा कि, 26 मई तक प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं जून के पहले सप्ताह तक कुछ हिस्सों में मौसम के बदले रहने की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।