#यूटिलिटी
May 20, 2026
HRTC बस में स्टूडेंट्स को भी देना होगा किराया, HIM कार्ड के बिना नहीं कर सकेंगे फ्री सफर
31 मई के बाद नहीं बनेंगे HIM बस कार्ड- जल्द करें आवेदन
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने साफ कर दिया है कि विद्यार्थियों के HIM बस कार्ड बनाने के लिए 31 मई अंतिम तिथि तय की गई है। इसके बाद नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
निगम ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। HRTC के अनुसार, प्रदेश में अब तक करीब 15 हजार विद्यार्थियों के HIM बस कार्ड बनाए जा चुके हैं।
वहीं, सभी श्रेणियों को मिलाकर लगभग दो लाख HIM बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं। निगम का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने और नए शैक्षणिक सत्र से पहले रिकॉर्ड अपडेट करने के उद्देश्य से यह समय सीमा तय की गई है।
निगम प्रबंधन ने स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से कहा है कि जिन्होंने अभी तक HIM बस कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है, वे जल्द प्रक्रिया पूरी करें। हिम बस कार्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को बस किराए में विशेष रियायत मिलती है, जिससे हजारों छात्र रोजाना कम खर्च में सफर कर पाते हैं।
कार्ड बनाने के लिए विद्यार्थियों को अपने स्कूल या कॉलेज से जारी पहचान पत्र यानी आई कार्ड को निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करना होता है। इसके बाद ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने पर कार्ड जारी किया जाता है।
HRTC प्रबंधन ने सभी डिपो प्रभारियों को निर्देश जारी किए हैं कि विद्यार्थियों को हिम बस कार्ड बनाने में हर संभव सहयोग दिया जाए। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों को भी इस संबंध में जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है- ताकि कोई भी पात्र छात्र इस सुविधा से वंचित न रहे। निगम का मानना है कि समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी होने से नए सत्र में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि विद्यार्थियों के HIM बस कार्ड के लिए 31 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार भविष्य में इस तिथि को बढ़ाने का निर्णय लेती है तो उसी आधार पर निगम आगे फैसला करेगा।
फिलहाल निगम ने साफ संकेत दिए हैं कि निर्धारित समय में आवेदन करना जरूरी होगा। ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।