#यूटिलिटी
May 19, 2026
पर्यटन सीजन में राहत : हिमाचल रूट पर एक जैसा रहेगा हवाई किराया, आखिरी समय पर भी नहीं बढ़ेंगे दाम
पहले टिकटों के दाम अचानक बढ़ जाते थे- होती थी परेशानी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश आने-जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पर्यटन सीजन के बीच अब शिमला रूट पर हवाई किराया बुकिंग के समय के अनुसार नहीं बदलेगा।
दरअसल, एलायंस एयर ने डायनेमिक प्राइसिंग व्यवस्था खत्म कर दी है। जिसके बाद यात्रियों को आखिरी समय में टिकट बुक कराने पर भी बढ़े हुए दाम नहीं चुकाने पड़ेंगे। नई व्यवस्था से पर्यटन सीजन में यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब यात्रियों को टिकट बुकिंग के समय के आधार पर अलग-अलग किराया नहीं देना पड़ेगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दिल्ली-शिमला, शिमला-दिल्ली, शिमला-धर्मशाला और धर्मशाला-शिमला रूट पर टिकट का किराया एक समान रहेगा।
अब तक एयरलाइंस की डायनेमिक प्राइसिंग नीति के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अगर कोई यात्री अंतिम समय में टिकट बुक करवाता था तो उसे सामान्य किराए से कई गुना अधिक राशि चुकानी पड़ती थी।
खासकर पर्यटन सीजन, छुट्टियों और आपातकालीन यात्रा के दौरान टिकटों के दाम अचानक बढ़ जाते थे। ऐसे में आम यात्रियों, पर्यटकों और व्यावसायिक यात्राओं पर जाने वाले लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था।
नई व्यवस्था के तहत, अब यात्री चाहे छह महीने पहले टिकट बुक करवाएं या उड़ान से एक दिन पहले, उन्हें तय किराया ही देना होगा। इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी जिन्हें अचानक यात्रा करनी पड़ती है।
वहीं, खराब मौसम की स्थिति में भी यात्रियों को राहत मिलेगी। शिमला एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण कई बार उड़ानें रद्द हो जाती हैं और यात्रियों को अगले दिन की फ्लाइट लेनी पड़ती है।
पहले ऐसी स्थिति में अगले दिन की टिकट काफी महंगी मिलती थी। मगर अब समान किराया लागू होने से यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। हालांकि, इस नई व्यवस्था से कुछ यात्रियों को नुकसान भी हो सकता है।
पहले कई लोग यात्रा से कई महीने पहले टिकट बुक कराकर बेहद कम कीमत पर सीट सुरक्षित कर लेते थे। अब किराया स्थिर होने से शुरुआती बुकिंग पर मिलने वाला सस्ता विकल्प समाप्त हो जाएगा। बावजूद इसके, अधिकतर यात्रियों के लिए यह फैसला राहत भरा माना जा रहा है क्योंकि इससे किराए में पारदर्शिता आएगी और अचानक बढ़ती कीमतों की समस्या खत्म होगी।
गर्मी के मौसम और पर्यटन सीजन के चलते शिमला आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसका असर हवाई सेवाओं की मांग पर भी साफ दिखाई दे रहा है। 20 मई को शिमला से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की सभी 25 सीटें पहले ही एडवांस में बुक हो चुकी हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पर्यटन सीजन के दौरान शिमला एयर रूट पर यात्रियों की आवाजाही कितनी तेजी से बढ़ रही है।
एलायंस एयर द्वारा जारी 18 से 24 मई के शेड्यूल के अनुसार, इन रूटों पर ATR-42 (600) विमान सेवाएं संचालित की जाएंगी। सभी टैक्स और शुल्क सहित किराया-
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि स्थिर किराया व्यवस्था लागू होने से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी और हवाई यात्रा को लेकर लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा। खासकर ऐसे समय में जब सड़क मार्ग पर लंबी दूरी और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए लोग तेजी से एयर ट्रैवल को प्राथमिकता दे रहे हैं, यह फैसला यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।