#यूटिलिटी
May 25, 2026
सावधान हिमाचल! अगले दो दिन पड़ेगी तेज गर्मी, पांच जिलों में HEATWAVE का अलर्ट जारी
हिमाचल में पहली बार दिखेगा नौतपा का असर
शेयर करें:

शिमला। एक ओर जहां उत्तर भारत के मैदानी राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम ने हल्का करवट लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे कुछ क्षेत्रों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली।
इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 और 27 मई को प्रदेश के पांच जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सोमवार से शुरू हो रहे नवतपा के चलते गर्मी और अधिक तीखी होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कुल्लू, शिमला और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
इसके अलावा चंबा, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने बताया कि इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि, प्रदेश के मैदानी और निचले पर्वतीय इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ठंडा रहने के साथ हल्की बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने 28 मई के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में तेज आंधी चलने और बिजली कड़कने की संभावना है। इसके अलावा हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में भी मौसम अचानक बदल सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।
बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि-
रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार ऊना का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं नेरी में तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई मैदानी और निचले इलाकों में तापमान 36 डिग्री से ऊपर रहा।
हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय लोगों को हल्की राहत महसूस हुई। बावजूद इसके दिन के समय पड़ रही तेज धूप ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है।