चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में महाशिवरात्रि से एक दिन पहले कुदरत का कहर टूट पड़ा। होली-तियारी मार्ग पर मंगलवार सुबह पहाड़ी दरक गई। भूस्ख्लन से तियारी गांव तक जाने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे अपर तियारी गांव का संपर्क कट गया है। भगवान शिव के मणिमहेश यात्रा का रास्ता वाया कलाह यहीं से जाता है।
एक गांव के लोगों पर पड़ा असर
अब सरकारी मशीनरी बंद हुए रास्ते को खोलने में जुटी है। भरमौर उपमंडल की होली तहसील में लोअर तियारी को अप्पर तियारी से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के आगे एक ही गांव है।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने परिवार सहित किया महाकुंभ स्नान, जयराम बोले- 'देर आए दुरुस्त आए'
भूस्खलन से सबसे अधिक असर अप्पर तियारी के गांवों के लोगों को हुआ है। हालांकि भूस्खलन से किसी भी जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन मार्ग को खुलने में काफी समय लग सकता है। लोक निर्माण विभाग का होली उपमंडल भूस्खलन से बंद सड़क को तुरंत खोलने के प्रयास कर रहा है, ताकि गांव के लोगों को समस्या न हो।
भुरूनाग देवता के मंदिर में होगा महोत्सव
चंबा में महाशिवरात्रि पर्व पर भुरूनाग देवता के मंदिर में 26 फरवरी को सुबह विधिपूर्वक हवन-यज्ञ किया जाएगा। इसके बाद फलाहार और मिष्ठान का भंडारा लगाया जाएगा। इस दिन महाशिवरात्रि का व्रत रखने वालों के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुक्खू सरकार के इस कानून को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे कर्मचारी
उसके बाद शाम को मंदिर में शिव पूजन नुआले का आयोजन किया जाएगा। शिव भगत महाशिवरात्रि की कथा वाचन करेंगे। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को भंडारा लगाया जाएगा। मंदिर समिति के सदस्यों ने स्थानीय और आसपास के इलाकों के लोगों से आग्रह किया है कि महाशिवरात्रि के आयोजन में भारी संख्या में आकर अपनी उपस्थित दर्ज कराएं।
