शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 6 अगस्त से प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़कों पर मलबा आने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में कांगड़ा, मंडी, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर समेत कई जिलों के लोगों और पर्यटकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

6 अगस्त को कई जगह हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद 7 और 8 अगस्त को भी कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

यह भी पढ़ें- चोरों ने घर की तिजोरी से चुराए 9 लाख के गहने, आगे 15 हजार में बेचे- पुलिस ने 3 दबोचे

9 से 11 अगस्त तक फिर तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि 9, 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में भी लगातार बारिश हो सकती है।

भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का बढ़ सकता है खतरा

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं नदी, नालों और खड्डों में पानी का स्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में फ्लैश फ्लड और जलभराव की स्थिति बन सकती है। बारिश के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने और धुंध के चलते वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।

यह भी पढ़ें-  तेज रफ्तारी पड़ी भारी, नदी में समाई पिकअप- अंदर ही फंस गया ड्राइवर

लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिना जरूरत पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने से बचें। नदी-नालों और खड्डों के पास जाने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी किए जाने वाले निर्देशों का पालन करें। पर्यटकों को भी पहाड़ों पर घूमने के दौरान विशेष सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।

गरज-चमक के साथ चल सकती हैं तेज हवाएं

6 से 11 अगस्त के बीच निचले और मध्यम पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने जिला प्रशासन को भी किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।