कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में ब्यास नदी ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। पौंग बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी के चलते नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। खासकर जवाली विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में हालात जलप्रलय जैसे बन गए हैं। ब्यास का पानी निचले इलाकों में फैलकर घरों, खेतों और सड़कों तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

ग्रामीण जागकर काट रहे रातें

ग्राम पंचायत भोगरवां, रियाली और अन्य निचले गांवों के लोगों के लिए बीती रात बेहद भयावह रही। ग्रामीणों ने बताया कि रातभर नदी का जलस्तर बढ़ता रहा और सुबह तक पानी घरों के आंगन में घुस गया। कुछ स्थानों पर तो पानी कमरों तक पहुंच गया, जिससे लोग घर छोड़ने पर मजबूर हो गए। कई परिवार पूरी रात जागकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: NH से गुजर रहे वाहनों पर अचानक दरका पहाड़, दो गाड़ियां चपेट में आईं; मची चीख पुकार

प्रशासन सक्रिय, समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार सुबह से ही प्रशासन हरकत में आ गया। इंदौरा के एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से भोगरवां पंचायत के हल्या वार्ड नंबर 2 में फंसे 16 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं, रियाली पंचायत के वार्ड नंबर 9 से 17 लोगों को पुलिस जवानों ने घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

ब्यास के उफान से पुल को खतरा

ब्यास नदी के बढ़ते बहाव के कारण रियाली पंचायत को हाजीपुर (पंजाब) से जोड़ने वाले पुल की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। नदी के तेज बहाव में पुल की सुरक्षा के लिए लगाए गए क्रेट बह गए हैं। प्रशासन ने एहतियातन इस पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, जबकि दोपहिया और चारपहिया हल्के वाहनों को सीमित रूप से चलने की अनुमति दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : BCS मामला : लिफ्ट देकर छात्रों को किया कि*डनैप, मुंह पर टेप और आंखों पर बांधी पट्‌टी

प्रशासन की अपील, सुरक्षित स्थानों पर रहें

रियाली पंचायत के वार्ड नंबर 10 में करीब 10 परिवारों के घरों के आसपास पानी भर गया है, जिससे लोग खासे डरे हुए हैं। पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई विकास शर्मा ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, लेकिन लोगों को भी सहयोग करना होगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल आए पंजाबियों की गाड़ी पलटी- नशे में थे चारों, डैशबोर्ड देख पुलिस के उड़े होश

भारी बारिश की चेतावनी, अगले कुछ दिन बेहद नाजुक

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे खतरा और भी बढ़ सकता है। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे या निचले इलाकों की ओर बिल्कुल न जाएं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर हमारी पैनी नजर है, लेकिन लोगों की सुरक्षा में उनकी सतर्कता भी बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें : मार्निंग वॉक पर निकली महिला के ऊपर पलटा ट्राला, ड्राइवर ने भी तोड़ा दम

समय पर मिली सहायता से बचा बड़ा नुकसान

हालांकि हालात गंभीर हैं, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों की जागरूकता के चलते अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि अगर समय पर मदद न मिलती तो हालात और बिगड़ सकते थे।

 

 नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।