धर्मशाला। देवभूमि हिमाचल में क्रिकेट प्रेमियों के लिए धौलाधार की पहाड़ियों से आने वाली ठंडी हवाएं इस बार सुकून के बजाय चिंता की लहर लेकर आई हैं। आसमान में डेरा जमाए काले बादल खेल प्रेमियों को मायूसी की ओर धकेल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में कल सोमवार 11 मई को होने वाले आईपीएल के महामुकाबले को लेकर जहां क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह था, वहीं अब आसमान में छाए काले बादलों ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
कल धर्मशाला स्टेडियम में होगा आईपीएल मुकाबला
बता दें कि कल यानी 11 मई को धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2026 (IPL 2026) का महामुकाबला होने वाला है। लेकिन उससे पहले ही आसमान बादलों से घिर गया है। मौसम विभाग ने भी कल के लिए बारिश बर्फबारी और तूफान का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अब आईपीएल का यह मुकाबला होगा या फिर बारिश की भेंट चढ़ जाएगा, यह तो कल ही पता चल सकेगा। फिलहाल हर कोई मौसम के साफ रहने की प्रार्थना कर रहा है।
यह भी पढ़ें : 10th Result: मोबाइल से दूरी.. रोजाना 5 घंटे पढ़ाई से हिमाचल की टॉपर बनी अनमोल; 700 में एक नंबर कम
हिमाचल में लगातार बदल रहे मौसम और मौसम विभाग की चेतावनी ने 11 मई को होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबले पर बारिश का साया डाल दिया है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को डर सताने लगा है कि कहीं मौसम इस हाई.वोल्टेज मुकाबले का मजा किरकिरा न कर दे।
मैच के लिए धर्मशाला पहुंचे हैं क्रिकेट प्रशंसक
सोमवार को धर्मशाला स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच टी.20 मुकाबला खेला जाना है। मैच को लेकर देशभर से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक धर्मशाला पहुंच रहे हैं। होटल बुकिंग से लेकर बाजारों तक आईपीएल का रंग देखने को मिल रहा है। लेकिन मैच से ठीक पहले मौसम ने करवट बदल ली है। आसमान में घिरते बादल और बीच.बीच में हो रही बूंदाबांदी ने क्रिकेट प्रेमियों की बेचैनी बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: निर्माणाधीन भवन से गिरी ईंट ने छीन ली 9वीं के छात्र की सांसें, स्कूल से लौट रहा घर
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के शिमला केंद्र ने हिमाचल प्रदेश में 11 से 15 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 11 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया हैए जबकि 12 और 13 मई को कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार कांगड़ा सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज.चमक के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। ऐसे में धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मुकाबले पर मौसम का असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : साइकिल चलाते नाले में गिरा 12वीं का छात्र, मौके पर ही तोड़ा दम- सदमे में परिजन
इंद्रू नाग देवता की शरण में क्रिकेट प्रेमी
जब विज्ञान और पूर्वानुमान चिंता बढ़ाते हैं, तो धर्मशाला की अटूट आस्था ही सहारा बनती है। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि अब इस मैच का भविष्य केवल इंद्रू नाग देवता के आशीर्वाद पर टिका है। मान्यता है कि धर्मशाला के मौसम की चाबी इन्हीं के पास है, इसलिए अब हर तरफ बस यही दुआ की जा रही है कि देवता इंद्रू नाग की कृपा हो और मैदान में चौके-छक्कों की बारिश हो, न कि बादलों की।
कारोबारियों की भी बढ़ी चिंता
आईपीएल मुकाबलों के चलते इन दिनों धर्मशाला में पर्यटकों और क्रिकेट फैंस की भारी भीड़ है। होटलए टैक्सी और स्थानीय कारोबारियों को मैचों से अच्छे कारोबार की उम्मीद थी। लेकिन बारिश की आशंका ने व्यापारियों की चिंता भी बढ़ा दी है। उनका कहना है कि अगर मौसम खराब रहा और मैच प्रभावित हुआ तो इसका असर पर्यटन कारोबार पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- 10TH RESULT- सरकारी स्कूल से ही निकला दूसरा टॉपर, गांव के छात्र ने गाड़ा सफलता का झंडा
आसमान पर फैंस की निगाहें
धर्मशाला में इस समय हर किसी की नजर आसमान पर टिकी हुई है। क्रिकेट प्रेमी यही दुआ कर रहे हैं कि मैच के दौरान मौसम साफ रहे और धौलाधार की वादियों में चौकों.छक्कों का रोमांच देखने को मिले। फिलहाल मौसम का मिजाज और बादलों की हलचल धर्मशाला IPL मुकाबले को लेकर सस्पेंस बनाए हुए है।
