#खेल
August 18, 2026
हिमाचल के लाल ने बढ़ाया देश का मान, शब्द गौतम भारतीय वॉलीबाल टीम के बने कप्तान
कतर के दोहा में होने वाली अंडर-17 विश्व वॉलीबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का करेंगे नेतृत्व
शेयर करें:

बिलासपुर। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की युवा पीढ़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर देश-दुनिया में लगातार नाम कमा रही है। भारतीय सेना से लेकर खेल के मैदान तक हिमाचल के युवाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के बरठीं के युवा वॉलीबाल खिलाड़ी शब्द गौतम ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शब्द गौतम का चयन अंडर-17 भारतीय वॉलीबाल टीम के लिए हुआ है और खास बात यह है कि उन्हें टीम की कमान भी सौंपी गई है। यानी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ शब्द गौतम पूरी भारतीय टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे।
शब्द गौतम के चयन को हिमाचल के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना अपने आप में बड़ी कामयाबी है, लेकिन इसके साथ ही कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना उनकी नेतृत्व क्षमता पर भी भरोसे को दर्शाता है। बरठीं के इस युवा खिलाड़ी के कंधों पर अब देश की उम्मीदों के साथ भारतीय टीम को सही दिशा देने की जिम्मेदारी भी होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फटा बादल: 400 मीटर सड़क का मिट गया नामोनिशान, आज ऑरेंज अलर्ट पर हैं कई जिला
शब्द गौतम की अगुवाई में भारतीय अंडर-17 वॉलीबाल टीम कतर के दोहा में आयोजित होने वाली विश्व वॉलीबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 29 अगस्त तक होगा। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचने वाली युवा टीमें इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। ऐसे में शब्द गौतम के लिए भी यह अपने खेल कौशल के साथ नेतृत्व क्षमता साबित करने का बड़ा अवसर होगा।
भारतीय टीम को विश्व प्रतियोगिता के पूल बी में रखा गया है। इस पूल में भारत के साथ इटली, ट्यूनीशिया और रोमानिया की टीमें हैं। भारतीय टीम के लिए पूल चरण आसान नहीं रहने वाला है, क्योंकि इटली पिछली प्रतियोगिता का विजेता है और इस बार भी उसे मजबूत दावेदारों में शामिल किया जा रहा है। ट्यूनीशिया और रोमानिया की टीमें भी भारतीय खिलाड़ियों के सामने कड़ी चुनौती पेश करेंगी।
यह भी पढ़ें : BJP विधायक सुधीर शर्मा की विजिलेंस पेशी आज- शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
अंडर-17 विश्व वॉलीबाल प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों को छह पूलों में बांटा गया है। एशिया, यूरोप, दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमेरिका सहित विभिन्न क्षेत्रों की युवा टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी। ऐसे में भारत को दुनिया के शीर्ष युवा खिलाड़ियों के सामने अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
शब्द गौतम की उपलब्धि केवल उनके परिवार या बिलासपुर जिले के लिए ही गर्व का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। छोटे से क्षेत्र बरठीं से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम की जर्सी पहनना युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है। अब सभी की नजरें दोहा में होने वाले मुकाबलों पर रहेंगी, जहां हिमाचल का यह युवा बेटा भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
हिमाचल प्रदेश के युवाओं ने हाल के वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शिक्षा, सेना, प्रशासन, तकनीक और खेल समेत कई क्षेत्रों में प्रदेश के युवा नई पहचान बना रहे हैं। शब्द गौतम की यह उपलब्धि भी इसी बढ़ती प्रतिभा की एक मिसाल है। भारतीय टीम में चयन और फिर कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना यह बताता है कि पहाड़ की प्रतिभा को सही अवसर मिले तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकती है।