#खेल

June 12, 2026

IND vs AFG: वनडे मैच पर बारिश का साया, इंद्रुनाग के दर पहुंचे अनुराग संग HPCA; मांगा आशीर्वाद

मौसम की चुनौती के बीच सफल आयोजन के लिए हुई विशेष पूजा.अर्चना

शेयर करें:

Anurag singh Thakur

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की धौलाधार पर्वतमाला की गोद में बसे दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शुमार एचपीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित पहला एकदिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें धर्मशाला पर टिकी हुई हैं] लेकिन इस रोमांचक मुकाबले से पहले मौसम ने आयोजकों और दर्शकों की चिंता बढ़ा दी है।

 

मौसम विभाग द्वारा धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताए जाने के बाद सभी की नजरें अब आसमान पर टिकी हुई हैं। बादलों की आवाजाही और मौसम की चेतावनी के बीच यही सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि कहीं बारिश इस बड़े मुकाबले का मजा किरकिरा न कर दे।

भगवान इंद्रूनाग के दरबार में पहुंचे अनुराग ठाकुर

बारिश की आशंका के बीच मैच के सफल और निर्विघ्न आयोजन की कामना को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के पदाधिकारियों के साथ भगवान इंद्रूनाग के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर मैच के दौरान मौसम अनुकूल रहने और आयोजन के सफलतापूर्वक संपन्न होने की प्रार्थना की। इस दौरान एचपीसीए के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने भगवान इंद्रूनाग से प्रार्थना की कि क्रिकेट प्रेमियों को पूरा मुकाबला देखने का अवसर मिले और बारिश मैच में कोई बाधा न डाले।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रैक्टर की चपेट में आने से 10 साल के मासूम की मौ*त, परिवार ने खो दिया लाडला बेटा

भारत की नजर जीत से आगाज पर

वनडे श्रृंखला का पहला मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में एकमात्र टेस्ट मुकाबले में अफगानिस्तान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया अब उसी लय को सीमित ओवरों के प्रारूप में भी कायम रखना चाहेगी। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल की कप्तानी में उतरने वाली भारतीय टीम इस श्रृंखला को 2027 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम मान रही है।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का ड्रीम प्रोजेक्ट ADB करेगा पूरा, दी मंजूरी; 2200 करोड़ से बदलेगी हिमाचल की तस्वीर

 

टीम प्रबंधन नए खिलाड़ियों को मौका देकर भविष्य की मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है। हालांकि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, जबकि विराट कोहली पहले ही चोट के कारण इस श्रृंखला से बाहर हैं। ऐसे में शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल पर बल्लेबाजी की अतिरिक्त जिम्मेदारी रहेगी।

अफगानिस्तान को हल्के में लेने की भूल नहीं करेगा भारत

भले ही टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन सीमित ओवरों के क्रिकेट में यह टीम किसी भी बड़े प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देने का माद्दा रखती है। आक्रामक बल्लेबाजी और मजबूत स्पिन आक्रमण अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। यही कारण है कि भारतीय टीम विपक्षी टीम को किसी भी तरह से हल्के में लेने के मूड में नहीं दिखाई दे रही।

धर्मशाला की पिच पर तेज गेंदबाजों की बल्ले-बल्ले

धौलाधार की बर्फीली चोटियों के बीच स्थित धर्मशाला का स्टेडियम अपनी तेज और उछालभरी पिच के लिए जाना जाता है। यहां शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना रहती है, जबकि बाद में बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है ताकि शुरुआती परिस्थितियों का अधिकतम फायदा उठाया जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : अस्पताल जाने के लिए निकली पूजा, नहीं लौटी घर- मां को ढूंढ रहा मासूम

क्रिकेट के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

धर्मशाला में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से प्रदेश के पर्यटन कारोबार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। होटल, टैक्सी और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को बड़ी संख्या में आने वाले दर्शकों से लाभ मिलने की संभावना है। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और आईपीएल मैचों की सफल मेजबानी कर चुका है। यही वजह है कि एक बार फिर यह मैदान वैश्विक क्रिकेट जगत का केंद्र बनने जा रहा है।

अब सबकी नजरें आसमान और मैदान पर

एक तरफ भारत और अफगानिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है, तो दूसरी ओर मौसम की चुनौती आयोजकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। क्रिकेट प्रेमी उम्मीद कर रहे हैं कि भगवान इंद्रूनाग की कृपा बनी रहे और धौलाधार की वादियों में क्रिकेट का यह महोत्सव बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख