मंडी। जिस उम्र में बच्चों के कंधों पर जिंदगी के सपने और भविष्य की उम्मीदें होती हैं, उस उम्र में छह दोस्तों की अर्थियां एक साथ उठेंगी, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। कुछ दिन पहले तक जिन घरों में बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां आज चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं। मंगलवार देर रात कार के करीब 200 फीट गहरी खाई में गिरने से जान गंवाने वाले छह युवकों का आज उनके पैतृक गांवों में अंतिम संस्कार किया गया। जब एक साथ छह दोस्तों की अर्थियां उठीं तो पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। इस दर्दनाक मंजर को देखकर शायद ही कोई अपनी आंखों के आंसू रोक पाया।
तीन दोस्तों की चिताएं एक साथ जलीं
हादसे में जान गंवाने वाले तीन दोस्तों यश, आयुष और अनुज का अंतिम संस्कार त्रिवेणी घाट पर एक साथ किया गया। तीनों की चिताएं एक साथ जलती देख वहां मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। जिन दोस्तों ने साथ समय बिताया, साथ हंसी-मजाक किया और साथ घर लौटने के लिए निकले थे, उनकी अंतिम विदाई भी एक साथ हुई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : जन्मदिन मनाने निकले 6 दोस्तों की घर लौटी देह, कोई 14 का तो कोई 17 का- 3 गांव में मातम
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां-बाप बार-बार अपने बच्चों को याद कर बेसुध हो रहे थे। परिवार के दूसरे सदस्य और रिश्तेदार उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन अपनों को खोने का दर्द इतना गहरा था कि किसी के पास उन्हें दिलासा देने के लिए शब्द नहीं थे। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवारों के घर पहुंचे और दुख की इस घड़ी में उनका साथ दिया।
पांच घरों के बुझ गए इकलौते चिराग
इस हादसे ने पांच परिवारों के इकलौते बेटों को छीन लिया। किसी घर से 14 साल के किशोर की अर्थी उठी तो किसी परिवार ने 21 साल के जवान बेटे को अंतिम विदाई दी। जिन माता-पिता ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए अनगिनत सपने संजोए थे, उन्हें आज अपने ही बच्चों को मुखाग्नि देते देखना पड़ा। दर्दनाक हादसे में एक परिवार ने अपना पोता और दोहता दोनों खो दिए। यह परिवार के लिए ऐसा सदमा है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। घरों में पसरे सन्नाटे और परिजनों की चीखों ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूसे-पाउडर से बन रही थी नकली दवाएं, UP की STF ने बड़े रैकेट का किया पर्दाफाश
सिमस, गवाला और दरोब गांवों में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों में तीन सिमस गांव, दो गवाला और एक दरोब गांव का रहने वाला था। इन तीनों गांवों में शोक की लहर है। गांवों की गलियों में जहां कुछ दिन पहले तक युवाओं की चहल-पहल रहती थी, वहां अब हर तरफ उदासी और खामोशी दिखाई दे रही है। लोगों के लिए यह यकीन करना भी मुश्किल हो रहा है कि जिन बच्चों को परिवार रातभर घर लौटने का इंतजार करता रहा, वे अब कभी वापस नहीं आएंगे। छह दोस्तों की एक साथ मौत ने पूरे लडभड़ोल क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
जन्मदिन की खुशियों में शामिल होकर निकले थे
जानकारी के अनुसार, छहों युवक मंगलवार देर रात पड़ोस में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद कार से अपने घरों की ओर लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों के उस समारोह से लौटते समय रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा, जो कई परिवारों की जिंदगी बदल देगा। लडभड़ोल के पेट्रोल पंप के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। रातभर जब युवक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिवार के लोग अपने स्तर पर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वे खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार के भीतर फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़ें : 'ऑपरेशन सिंदूर में हमारे छक्के छूटे'.. जगत नेगी के बयान पर सियासी भूचाल! BJP बोली-माफी मांगे मंत्री
बुधवार दोपहर बाइक सवार ने खाई में देखी क्षतिग्रस्त कार
बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक बाइक सवार की नजर सड़क से नीचे खाई में गिरी क्षतिग्रस्त कार पर पड़ी। उसने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद हादसे की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी रणजीत कपूर, नायब तहसीलदार और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। टीम के सदस्य खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद कार तक पहुंचे। वहां छहों युवकों के शव बरामद हुए। हादसे में किसी की जान नहीं बचाई जा सकी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पति की ह**त्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, सुबह इस हाल में मिली थी देह; मचा हड़कंप
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को दी फौरी राहत
हादसे के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाई। तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा के अनुसार, प्रत्येक प्रभावित परिवार को 25-25 हजार रुपये की फौरी आर्थिक सहायता दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
छह घरों में हमेशा के लिए छा गया सन्नाटा
लडभड़ोल का यह हादसा अपने पीछे ऐसे सवाल और दर्द छोड़ गया है, जिनका जवाब किसी के पास नहीं है। जन्मदिन की खुशियों में शामिल होने गए छह दोस्त घर लौटते समय जिंदगी की जंग हार गए। आज उनके परिवारों के लिए हर रास्ता, हर याद और हर कोना उनकी कमी का अहसास करा रहा है। एक साथ छह युवाओं की मौत और फिर उनकी अंतिम विदाई का दृश्य लंबे समय तक लोगों के जेहन में रहेगा। पांच परिवारों के चिराग बुझ गए और तीन गांवों की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे क्षेत्र में बस यही सवाल गूंज रहा है कि आखिर एक रात में छह परिवारों की दुनिया कैसे उजड़ गई।
