सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ के माजरा गांव में दो ग्रेनेड मिलने के मामले की जांच अब जम्मू-कश्मीर तक पहुंच गई है। पुलिस को पूछताछ के दौरान पता चला है कि मुख्य आरोपित रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ के घर के आसपास जम्मू-कश्मीर नंबर की कुछ गाड़ियां देखी गई थीं।

पुलिस की गिरफ्त में तीन आरोपित 

इस मामले में पुलिस रशीद मोहम्मद, उसकी पत्नी किरना और भाई सलीम मोहम्मद को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों नालागढ़ के माजरा गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल पांच अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस उनसे ग्रेनेड से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : बेकाबू वाहन ने कुच**ला मजदूर, 6 वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया- हाईवे पर हंगामा

ग्रेनेड कहां से आए, इसकी तलाश

DSP नालागढ़ की अगुवाई में SIT इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ग्रेनेड कहां से आए और वे माजरा गांव तक कैसे पहुंचे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं।

रशीद की ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस रशीद मोहम्मद के ट्रक चालक के तौर पर किए गए सफर की जानकारी भी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वह काम के सिलसिले में किन-किन राज्यों में गया था और इस दौरान किन लोगों के संपर्क में आया था। पुलिस इन कड़ियों को ग्रेनेड बरामदगी के मामले से जोड़कर देख रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में करवट बदलेगा मौसम, ऊंची चोटियों पर होगी बारिश-बर्फबारी, अलर्ट जारी

पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक, रशीद और उसके भाई सलीम के खिलाफ पंजाब और जम्मू-कश्मीर में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इन पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इन मामलों का मौजूदा ग्रेनेड बरामदगी मामले से कोई संबंध तो नहीं है।

SP ने कहा- हर पहलू की जांच जारी

SP बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि मामले की पूरी तह तक पहुंचने के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ग्रेनेड के स्रोत और आरोपितों के संपर्कों समेत अन्य कड़ियों को भी खंगाल रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक हिचकोले खाते बीच सड़क पर पलट गई HRTC बस, कई यात्री थे सवार

29 सितंबर को मिला था पहला ग्रेनेड

मामला 29 सितंबर का है। माजरा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की जांच के दौरान पुलिस को एक घर के पास ग्रेनेड मिला था। इसके बाद आसपास के इलाके की तलाशी ली गई तो दूसरा ग्रेनेड भी बरामद हुआ।

बम निरोधक दस्ते ने दोनों ग्रेनेड किए निष्क्रिय

ग्रेनेड मिलने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया और दोनों ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करवाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : JCB मशीन पर पहाड़ी से गिरा भारी मलबा, 19 वर्षीय ऑपरेटर समेत दबी

आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत केस

इस मामले में नालागढ़ पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, 1908 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।