#अपराध

October 3, 2026

हिमाचल: बेकाबू वाहन ने कुच**ला मजदूर, 6 वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया- हाईवे पर हंगामा

अज्ञात वाहन ने मारी मजदूर को टक्कर

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

मंडी। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला जिला मंडी से सामने आया है, जहां चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के सुंदरनगर में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे के फोरलेन बाईपास पर जरल गांव के पास पेश आया है। यहां पर बीते कल शाम एक मजदूर सड़क से जा रहा था। तभी अचानक एक अज्ञात वाहन ने मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अचानक हिचकोले खाते बीच सड़क पर पलट गई HRTC बस, कई यात्री थे सवार

 

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान श्रवण कुमार पुत्र उधन सिंह, निवासी कनपारा, तहसील वहेरा, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। श्रवण कुमार अपने पीछे पत्नी, छह साल के बेटे कुशल और मां को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

हादसे के बाद गुस्से में आए परिजन, हाईवे पर लगाया जाम

मजदूर की मौत के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुकी रही। सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की नशे की सप्लाई चेन पर बड़ी कार्रवाई, लाखों के चिट्टे संग पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम मौके पर पहुंची

हादसे और चक्का जाम की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कमलकांत की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से भी बात की। इस दौरान परिजन अज्ञात वाहन चालक को पकड़ने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़े रहे।

आश्वासन मिलने के बाद खोला चक्का जाम

पुलिस और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्का जाम खत्म कर दिया। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो गई।

 

CCTV फुटेज से होगी अज्ञात वाहन की तलाश

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता लगाने के लिए फोरलेन पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर पैदल चलने वाले मजदूरों और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही काफी ज्यादा है। ऐसे में पैदल आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: लड़की के घर में घुस आता था युवक, कई बार की नीचता; अब जेल में कटेंगे 10 साल 

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख